सीएम योगी ने अपनी पोस्ट में लिखा कि आज अयोध्या धाम अलौकिक उल्लास, गौरव और भक्ति के महाकुंभ ‘दिव्य दीपोत्सव’ के लिए पूरी तरह सज्जित है। उन्होंने आयोजन में शामिल होने आ रहे उपराष्ट्रपति, मित्र देशों के राजदूतों, उच्चायुक्तों, राजनयिकों और देश-विदेश से आने वाले विशिष्ट अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री ने पूज्य साधु-संतों और रामभक्तों का भी प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि पर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सभी अतिथियों की उपस्थिति इस भव्य आयोजन की गरिमा को और बढ़ाएगी।
करोड़ों सनातनियों की आस्था का प्रतीक है दीपोत्सव
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्षों की प्रतीक्षा और करोड़ों सनातनियों की आस्था का परिणाम आज लाखों दीपों की स्वर्णिम आभा के रूप में दिखाई देगा। उन्होंने दीपोत्सव को अंधकार पर प्रकाश और असत्य पर सत्य तथा अधर्म पर धर्म की शाश्वत विजय का प्रतीक बताया। सीएम के मुताबिक, इस अवसर पर अवधपुरी का कण-कण उल्लास और भक्ति से सराबोर है।
समता और सांस्कृतिक एकता का संदेश देता है दीपोत्सव
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपोत्सव को केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं बताया। उन्होंने इसे समता, समरसता, सांस्कृतिक एकता और ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह पर्व समाज को एकजुट करने और आपसी सद्भाव को मजबूत करने का संदेश देता है।
अंत में मुख्यमंत्री ने सभी श्रद्धालुओं और प्रदेशवासियों से धर्म, मर्यादा और प्रकाश के इस महापर्व का साक्षी बनने की अपील की। उन्होंने अपनी पोस्ट का समापन ‘जय श्री राम’ के उद्घोष के साथ किया।
