यूपी की पूरी मतदाता सूची का होगा दोबारा सत्यापन, पीलीभीत में गड़बड़ी के बाद चुनाव आयोग सख्त

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले की मतदाता सूची में अनियमितता सामने आने के बाद चुनाव आयोग ने प्रदेशभर की वोटर लिस्ट का दोबारा सत्यापन कराने का फैसला लिया है। आयोग ने सभी जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारियों और निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों को मतदाता सूची की नए सिरे से जांच करने के निर्देश दिए हैं।

सत्यापन प्रक्रिया में नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, नाम हटाने और मतदाता विवरण में संशोधन के लिए इस्तेमाल किए गए फॉर्म-6, 7 और 8 की विशेष रूप से जांच की जाएगी। आयोग ने उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को निर्देश दिया है कि मतदाता सूची में किसी भी तरह की गड़बड़ी और अनियमितता मिलने पर तत्काल सुधार किया जाए। साथ ही जांच में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही गई है।

पीलीभीत में दो एसडीएम निलंबित करने के निर्देश

पीलीभीत विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में गड़बड़ी सामने आने के बाद चुनाव आयोग ने दो एसडीएम मयंक गोस्वामी और हेमंत चौधरी को निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। आयोग ने दोनों अधिकारियों की चार्जशीट भेजने और मंजूरी मिलने तक उनकी बहाली नहीं करने को कहा है। इसके अलावा वीआरसी कंप्यूटर ऑपरेटर अनिल कुमार की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

प्रदेशभर में मतदाता सूची के सत्यापन का उद्देश्य वोटर लिस्ट में मौजूद गलतियों और अनियमितताओं को दूर करना तथा मतदाता विवरण की शुद्धता सुनिश्चित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *