Florida Plane Crash: हादसे से पहले को-पायलट ने बॉयफ्रेंड को भेजा था मैसेज, कैप्टन करने लगे थे प्रार्थना

वर्ल्ड डेस्क। अमेरिका के फ्लोरिडा में हुए भीषण विमान हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई। हादसे से पहले विमान के दोनों पायलटों ने जान बचाने की कोशिश की थी। दुर्घटनाग्रस्त लियरजेट के कैप्टन जेफ ग्रेगरी कॉकपिट में ईश्वर से प्रार्थना करने लगे थे, जबकि 20 वर्षीय को-पायलट नतालिया गाडेल्हा फिल्गुएरास अपने करीबियों को संदेश भेज रही थीं। कुछ ही मिनट बाद विमान सड़क पर गिरकर आग के विशाल गोले में तब्दील हो गया।

हादसे से 10 मिनट पहले भेजा था मैसेज

नतालिया के सौतेले पिता थियागो कॉर्टेलेटी ने ‘द न्यूयॉर्क पोस्ट’ को बताया कि नतालिया ने हादसे से करीब 10 मिनट पहले दोपहर 12:40 बजे अपने बॉयफ्रेंड को मैसेज भेजा था। इसमें उन्होंने लिखा था कि विमान में झटके लग रहे हैं और उस पर बर्फ जम रही है। विमान दोपहर करीब 12:50 बजे दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

बताया गया कि नतालिया एयर ट्रैफिक कंट्रोल के भी संपर्क में थीं। करीब नौ महीने के व्यावसायिक पायलट अनुभव के दौरान उन्होंने लगभग 1,300 घंटे उड़ान भरी थी। उनका बॉयफ्रेंड भी पायलट है और दोनों अक्सर साथ उड़ान भरते थे।

सड़क पर गिरते ही आग का गोला बना विमान

यह निजी लियरजेट रविवार को फ्लोरिडा के पाम बीच काउंटी में एक सड़क पर लगभग सीधा नीचे आ गिरा था। विमान के आसपास सैकड़ों घर मौजूद थे और हादसा उनसे कुछ ही मीटर की दूरी पर हुआ। दुर्घटना के वीडियो में विमान जमीन से टकराते ही आग के विशाल गोले में बदलता दिखाई दिया। टक्कर से सड़क पर बड़ा गड्ढा भी बन गया।

कैप्टन जेफ ग्रेगरी ने शुरू कर दी थी प्रार्थना

हादसे से पहले विमान के कैप्टन जेफ ग्रेगरी कॉकपिट में ईश्वर से प्रार्थना करने लगे थे। वहीं, को-पायलट नतालिया अपने करीबियों को संदेश भेजकर विमान में आ रही परेशानी की जानकारी दे रही थीं। हालांकि, दोनों पायलटों की कोशिशों के बावजूद विमान को हादसे से नहीं बचाया जा सका। इस दुर्घटना में कुल नौ लोगों की जान चली गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *