6 दिसंबर की रैली के लिए तय हो सकती हैं जिम्मेदारियां
सूत्रों के अनुसार, बैठक का प्रमुख उद्देश्य 6 दिसंबर को लखनऊ में होने वाले शक्ति प्रदर्शन की तैयारियों को अंतिम रूप देना है। पार्टी इस रैली को बड़े स्तर पर आयोजित करने की योजना बना रही है। बैठक में रैली की रूपरेखा तैयार करने, भीड़ जुटाने और अलग-अलग जिलों से कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।
राजनीतिक गलियारों में बसपा की इस रैली को आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद की 26 नवंबर को लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में प्रस्तावित रैली से जोड़कर भी देखा जा रहा है। ऐसे में 6 दिसंबर की रैली को बसपा के बड़े राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है।
प्रत्याशियों की सूची और चुनावी तैयारियों पर भी चर्चा
बैठक में संगठन के विस्तार और आगामी चुनावों की तैयारियों पर भी विचार-विमर्श होने की संभावना है। बसपा अब तक 100 से अधिक प्रत्याशियों के नाम घोषित कर चुकी है। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी नेतृत्व ने नवंबर तक प्रत्याशियों की सूची फाइनल करने के निर्देश दिए हैं।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल, सभी जिलाध्यक्षों और मंडल कोऑर्डिनेटरों को भी बुलाया गया है। चुनावी तैयारियों को लेकर इन पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की जा सकती हैं।
बैठक के बाद दिल्ली रवाना होंगी मायावती
लखनऊ में बैठक समाप्त होने के बाद मायावती दिल्ली रवाना होंगी। वहां उन्हें एक पारिवारिक शादी समारोह में शामिल होना है। ऐसे में 5 नवंबर को होने वाली यह बैठक बसपा के संगठनात्मक विस्तार और आगामी राजनीतिक रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
