Shiva Sharma Case: लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध हालात में हुई मौत के मामले में मॉडल श्रद्धा दुबे का एक और वीडियो सामने आया है। करीब 5 मिनट 18 सेकंड के इस वीडियो में श्रद्धा अपनी बात रखते हुए खुद को बेगुनाह बता रही है। उसका कहना है कि शिवा की हत्या नहीं हुई थी, बल्कि उसने खुदकुशी की थी। श्रद्धा ने दावा किया कि उसने अपनी आंखों से शिवा को बालकनी से नीचे कूदते देखा था। उसका कहना है कि फ्लैट और आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच की जाए तो घटना की सच्चाई सामने आ सकती है।
कर्ज से परेशान था शिवा, सुसाइड करने की बात कहता था: श्रद्धा
वीडियो में श्रद्धा कहती है कि शिवा कर्ज को लेकर काफी परेशान रहता था। वह उससे कई बार कह चुका था कि अगर कर्ज नहीं चुका पाया तो खुदकुशी कर सकता है। श्रद्धा का दावा है कि उस वक्त वे लोग उसकी बातों को गंभीरता से नहीं लेते थे। उसने सवाल उठाया कि कोई लड़की किसी को मारकर अपने ही फ्लैट से नीचे क्यों फेंकेगी? हालांकि, ये सभी बातें श्रद्धा ने अपने बचाव में कही हैं। मामले की असल वजह जांच के बाद ही साफ हो सकेगी।
शिवा की मां को फोन किया, 112 और 108 पर भी कॉल करने का दावा
श्रद्धा ने बताया कि घटना के बाद उसने शिवा की मां को फोन किया था। इसके अलावा पुलिस की मदद के लिए 112 और एंबुलेंस के लिए 108 नंबर पर भी कॉल करने का दावा किया। उसके मुताबिक, शिवा की मां मौके पर पहुंचीं और उसके ड्राइवर के साथ मारपीट करने लगीं। श्रद्धा का कहना है कि अस्पताल में लगे CCTV कैमरों में यह घटना रिकॉर्ड हुई होगी। उसने आरोप लगाया कि पूरी बात जाने बिना ही शिवा की मां ने उन लोगों पर हत्या का आरोप लगा दिया। श्रद्धा ने मीडिया से अपील की कि बिना जांच के किसी को दोषी न बताया जाए।
7 अक्टूबर की रात शिवा से हुई थी मुलाकात
श्रद्धा के मुताबिक, शिवा से उसकी करीब 5-6 दिन तक बात नहीं हुई थी। 7 अक्टूबर को शिवा ने कपूरथला चौराहे के पास एक चाय वाले के जरिए उसके ड्राइवर को फोन करवाया। श्रद्धा का दावा है कि फोन पर शिवा रो रहा था। इसके बाद उसने अपने नंबर से दो बार कॉल किया, लेकिन शिवा ने फोन नहीं उठाया। रात करीब 2 बजे शिवा का फोन आया और फिर वह अपनी BMW कार से उससे मिलने पहुंचा। श्रद्धा ने बताया कि शिवा ने बीयर पी रखी थी। दोनों एक कैफे गए और बाद में उसके घर पहुंचे।
श्रद्धा ने आगे कहा कि 8 अक्टूबर की सुबह उसकी बहन रश्मि घर आई थी। उसका इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है। श्रद्धा का दावा है कि कॉल डिटेल्स की जांच से भी यह बात साफ हो सकती है। उसने बताया कि उसी शाम शिवा के कुछ दोस्त भी घर आए थे, जिनमें अश्विनी मिश्रा और हर्ष शामिल थे।
लिव-इन में रहने के दावे पर उठाए सवाल
श्रद्धा ने कहा कि वह शिवा को करीब चार महीने से जानती थी और दोनों पिछले दो महीने से रिलेशनशिप में थे। उसने शिवा की मां के उस दावे को भी गलत बताया, जिसमें कहा गया था कि दोनों एक साल से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। श्रद्धा के मुताबिक, शिवा करीब 15 दिन उसके साथ रहता था और फिर दो से चार दिन तक गायब रहता था। उसने यह भी कहा कि जब दोनों की बातचीत बंद थी, तब शिवा अपनी बहन और जीजा के साथ केदारनाथ गया था।
शिवा की मां ने श्रद्धा समेत चार लोगों पर दर्ज कराया केस
दरअसल, लखनऊ के बालू अड्डा स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरने के बाद चिकन कारोबारी और कैफे संचालक शिवा शर्मा की मौत हो गई थी। शिवा अलीगंज के कपूरथला इलाके में रहता था। उसकी मां रंजना ने मॉडल श्रद्धा दुबे पर बेटे को झूठे मुकदमे में फंसाने और सिगरेट से जलाने समेत कई गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
फिलहाल, श्रद्धा दुबे समेत अन्य आरोपियों के फरार होने की बात सामने आई है। श्रद्धा के नेपाल में छिपे होने की आशंका जताई जा रही है। हाल ही में सामने आए कुछ CCTV फुटेज में उसके अपनी बहन और ड्राइवर के साथ दिखाई देने का दावा किया गया है। हालांकि, वीडियो में श्रद्धा की ओर से किए गए दावों और शिवा की मां के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
