‘बिहार में क्राइम हो सकता है, अपराध नहीं’
सम्राट चौधरी के बयान पर जन सुराज पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुमार सौरभ ने मंगलवार (3 नवंबर 2026) को प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का यह कहना कि बिहार से अपराध का कॉन्सेप्ट खत्म हो गया है, हास्यास्पद है।
कुमार सौरभ ने तंज कसते हुए कहा कि सम्राट चौधरी के मुताबिक बिहार में क्राइम हो सकता है, लेकिन अपराध नहीं। उन्होंने कहा कि जैसे सम्राट चौधरी बिहार के चीफ मिनिस्टर हैं, मुख्यमंत्री नहीं और नरेंद्र मोदी प्राइम मिनिस्टर हैं, प्रधानमंत्री नहीं। यह उनका ताजा ज्ञान है।
कैलिफोर्निया की डिग्री का भी किया जिक्र
जन सुराज प्रवक्ता ने मुख्यमंत्री की शैक्षणिक योग्यता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने सम्राट चौधरी की कैलिफोर्निया से PFC की डिग्री का जिक्र करते हुए पूछा कि क्या उनके अधिकारी भाषण तैयार करने से पहले तथ्यों की जांच नहीं करते?
कुमार सौरभ ने कहा कि मुख्यमंत्री को बिहार में अपराध के आंकड़ों की जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने NCRB की वेबसाइट पर उपलब्ध आंकड़े देखने की सलाह भी दी।
अपराध की घटनाओं को लेकर मुख्यमंत्री को घेरा
कुमार सौरभ ने बिहार के अलग-अलग जिलों में हुई आपराधिक घटनाओं का हवाला देते हुए सवाल उठाया कि क्या मुख्यमंत्री के अधिकारी उन्हें जमीनी स्थिति की जानकारी नहीं देते हैं।
उन्होंने कहा कि जो मुख्यमंत्री यह कह रहे हैं कि बिहार में अपराध जैसी कोई चीज नहीं है, उनसे कानून-व्यवस्था को लेकर क्या उम्मीद की जा सकती है? कुमार सौरभ ने यह भी सवाल किया कि मुख्यमंत्री और गृहमंत्री के तौर पर अपराध पर लगाम लगाने के लिए सरकार क्या कदम उठा रही है।
तेजस्वी यादव ने भी साधा निशाना
सम्राट चौधरी के बयान पर केवल जन सुराज पार्टी ही नहीं, बल्कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने भी मुख्यमंत्री को घेरा है। विपक्षी दलों की ओर से इस बयान को लेकर सरकार पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री के बयान और विपक्ष की प्रतिक्रियाओं के बाद बिहार में कानून-व्यवस्था का मुद्दा एक बार फिर राजनीतिक बहस के केंद्र में आ गया है।
