बांग्लादेश में कपड़ा मजदूरों के हिंसक प्रदर्शन पर भारत की नजर, विदेश मंत्रालय ने दिया बयान

नई दिल्ली/ढाका: बांग्लादेश में कपड़ा उद्योग के मजदूरों का वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर विरोध-प्रदर्शन लगातार तेज हो रहा है। कई इलाकों में प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच हिंसक झड़पें हुई हैं। इस घटनाक्रम पर भारत ने भी नजर बनाए रखी है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा है कि भारत बांग्लादेश के हालात पर लगातार नजर रख रहा है।

ढाका समेत कई इलाकों में हिंसक प्रदर्शन

बांग्लादेश में कपड़ा उद्योग के श्रमिक वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर सड़कों पर उतर आए हैं। प्रदर्शन के दौरान कई जगह वाहनों में तोड़फोड़ की गई और प्रमुख सड़कों को जाम कर दिया गया। हालात को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने अतिरिक्त अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती की है।

रिपोर्ट के मुताबिक, राजधानी ढाका के मीरपुर, आशुलिया, गाजीपुर और नारायणगंज में प्रदर्शनकारियों की कानून प्रवर्तन एजेंसियों के जवानों के साथ झड़पें हुईं।

पुलिस वैन में लगाई आग, सुरक्षा बलों ने छोड़े आंसू गैस के गोले

रिपोर्ट के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने कुछ स्थानों पर पुलिस वैन में आग लगा दी। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और पानी की बौछारों का इस्तेमाल किया। सुरक्षा बलों ने प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज भी किया।

वेतन वृद्धि की मांग को लेकर शुरू हुआ यह आंदोलन अब कई औद्योगिक क्षेत्रों तक फैल गया है। इससे कपड़ा उद्योग और सामान्य जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।

भारत ने बांग्लादेश के घटनाक्रम पर जताई नजर

बांग्लादेश में जारी विरोध-प्रदर्शन को लेकर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत वहां के घटनाक्रमों पर लगातार नजर रखे हुए है।

बांग्लादेश में कपड़ा उद्योग देश की अर्थव्यवस्था का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे में मजदूरों का आंदोलन और औद्योगिक क्षेत्रों में बढ़ता तनाव वहां की आर्थिक गतिविधियों के लिए भी चुनौती बन सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *