मुर्गे के खून से लिखता था लव लेटर
पीड़िता के आरोपों के अनुसार, डॉक्टर रमीज युवतियों को भावनात्मक रूप से प्रभावित करने के लिए अनोखे तरीके अपनाता था। वह मुर्गे के खून से प्रेम पत्र लिखकर उन्हें देता था और इसे अपना खून बताता था। इसके जरिए वह युवतियों का भरोसा जीतने की कोशिश करता था।
जांच में यह आरोप भी सामने आया है कि आरोपी युवतियों की निजी तस्वीरें और आपत्तिजनक वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड करके रखता था। बाद में इनका इस्तेमाल ब्लैकमेलिंग के लिए किया जाता था।
निजी वीडियो भेजकर तुड़वाए 5 से 7 रिश्ते
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि जब उसने आरोपी से दूरी बनाने की कोशिश की और परिवार ने उसकी शादी के लिए रिश्ते तलाशने शुरू किए तो डॉक्टर ने उसकी निजी तस्वीरें और वीडियो संभावित मंगेतरों तक पहुंचा दिए।
पीड़िता के मुताबिक, इस वजह से उसके 5 से 7 वैवाहिक रिश्ते टूट गए। पुलिस पूछताछ में भी यह बात सामने आने का दावा किया गया है कि आरोपी किसी युवती का रिश्ता तय होने पर उसके होने वाले पति या ससुराल पक्ष को आपत्तिजनक वीडियो भेजकर रिश्ता तुड़वा देता था।
2011 में मेडिकल की पढ़ाई के दौरान हुई थी मुलाकात
पीड़िता के दर्ज बयान के अनुसार, उसकी मुलाकात आरोपी से वर्ष 2011 में मेडिकल की पढ़ाई के दौरान हुई थी। आरोप है कि दिसंबर 2012 में रमीज ने उसे आगरा के साबुन कटरा स्थित अपने फ्लैट पर डांस प्रैक्टिस के बहाने बुलाया। वहां उसे नशीला पेय पिलाकर पहली बार जबरदस्ती की गई।
पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद शादी का झांसा देकर वर्ष 2012 से 2025 तक अलग-अलग शहरों में उसका शारीरिक शोषण किया गया। वर्ष 2014 में दिल्ली एम्स में आयोजित एक फेस्ट के दौरान भी नशीला पदार्थ देकर शोषण करने का आरोप लगाया गया है।
गर्भवती होने पर जबरन गर्भपात कराने का आरोप
पीड़िता के मुताबिक, वर्ष 2016 में गर्भवती होने के बाद आरोपी ने शादी करने से इनकार कर दिया। आरोप है कि उस पर गर्भपात कराने का दबाव बनाया गया और आगरा के खंदारी स्थित एक क्लीनिक से दवाएं दिलाकर जबरन गर्भपात कराया गया।
इसके बाद वर्ष 2023 में उसे लखनऊ बुलाया गया, जहां वह आरोपी के साथ रहने लगी। पीड़िता ने आरोप लगाया कि वहां उसके साथ नौकरों जैसा व्यवहार किया जाता था और उससे टॉयलेट तक साफ करवाया जाता था।
धर्म परिवर्तन का दबाव और जबरन निकाह कराने का आरोप
पीड़िता ने अपने बयान में आरोप लगाया है कि वर्ष 2024 में होली से पहले आरोपी के माता-पिता ने उसके सामने धर्म परिवर्तन की शर्त रखी थी। जनवरी 2025 में निजी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उस पर धर्मांतरण का दबाव बनाया गया।
आरोप है कि फरवरी 2025 में एक कमरे में काजी को बुलाया गया और पीड़िता तथा उसके पिता को वहां बंद कर दबाव में निकाहनामे पर हस्ताक्षर कराए गए।
पीड़िता का यह भी आरोप है कि निकाह के बाद उसे मुस्लिम पहचान अपनाने, सार्वजनिक स्थानों पर बुर्का पहनने और शाकाहारी होने के बावजूद मांसाहार करने के लिए मजबूर किया गया। विरोध करने पर आरोपी ने उसका सिर दीवार में पटक दिया, जिससे वह घायल हो गई।
पुलिस कर रही मामले की जांच
इस पूरे मामले में पुलिस पीड़िता के बयानों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। यौन शोषण, ब्लैकमेलिंग, जबरन गर्भपात और धर्मांतरण के दबाव जैसे गंभीर आरोपों की पड़ताल की जा रही है। पुलिस साक्ष्य संकलन के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। फिलहाल इन आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के तहत होनी बाकी है।
