मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सप्तपुरियों में श्रेष्ठ अयोध्या धाम अपने दसवें भव्य और दिव्य दीपोत्सव के स्वागत के लिए तैयार है। दीपोत्सव केवल दीप जलाने का पर्व नहीं, बल्कि अंधकार से प्रकाश, निराशा से आशा और आस्था से विकास की यात्रा का प्रतीक है। यह भारत की सनातन चेतना के पुनर्जागरण और सांस्कृतिक गौरव का महापर्व है।
श्रीराम के अयोध्या आगमन की स्मृति से जुड़ा है दीपोत्सव
सीएम योगी ने श्रीराम के अयोध्या आगमन की स्मृति से जुड़े इस पावन पर्व पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दीपोत्सव का संबंध केवल परंपराओं से नहीं, बल्कि जीवन मूल्यों से भी है।
मुख्यमंत्री ने भरत जी के त्याग और समर्पण का उदाहरण देते हुए कहा कि 14 वर्षों तक उन्होंने राजसुख का त्याग किया और प्रभु श्रीराम की चरण पादुकाओं को सिंहासन पर विराजमान रखकर शासन चलाया। यह प्रसंग हमें त्याग, निष्ठा और समर्पण की प्रेरणा देता है।
सरयू तट और राम की पैड़ी पर जगमगाएंगे लाखों दीप
मुख्यमंत्री ने अयोध्या के दीपोत्सव की भव्यता का उल्लेख करते हुए कहा कि मां सरयू के तट पर सजी दीपमाला और राम की पैड़ी पर लाखों दीपों की जगमगाहट ऐसा दृश्य प्रस्तुत करती है, मानो अयोध्या में आकाशगंगा उतर आई हो।
उन्होंने कहा कि ड्रोन के माध्यम से आकाशीय प्रस्तुतियां और कलाकारों की सहभागिता इस महोत्सव को और भी भव्य एवं अलौकिक बनाती है। दीपोत्सव से कुम्हारों, पुष्प विक्रेताओं, होटल व्यवसायियों और स्थानीय व्यापारियों को रोजगार तथा आय के नए अवसर भी मिलते हैं।
जनभागीदारी से विकास का संदेश दे रहा दीपोत्सव
सीएम योगी ने कहा कि आस्था और जनभागीदारी को विकास की शक्ति बनाकर उत्तर प्रदेश ने उत्सव प्रदेश के रूप में नई पहचान बनाई है। उन्होंने विकास और सुरक्षा के संबंध को रेखांकित करते हुए कहा कि सुरक्षा से निवेश के अवसर बढ़ते हैं, निवेश से विकास होता है और विकास से रोजगार एवं समृद्धि आती है।
मुख्यमंत्री ने दीपोत्सव को आस्था और अर्थव्यवस्था का संगम भी बताया। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास रहने वाले जरूरतमंद परिवारों की दीपावली भी खुशियों से भरें। अपनी सामर्थ्य के अनुसार उन्हें दीये, मिठाइयां और नए वस्त्र भेंट करें।
स्थानीय कारीगरों के उत्पाद खरीदने की अपील
योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से स्थानीय कारीगरों के दीये और अन्य उत्पाद खरीदने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसा करने से स्थानीय कारीगरों के परिश्रम को प्रोत्साहन मिलेगा और उनकी आय में भी वृद्धि होगी।
मुख्यमंत्री ने अपनी इच्छा जाहिर करते हुए कहा कि प्रदेशवासी अपने परिवार और मित्रों के साथ अयोध्या आएं तथा प्रभु श्रीराम की पावन नगरी में दसवें भव्य दीपोत्सव की दिव्य छटा का आनंद लें।
