आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि विपक्षी दलों का उद्देश्य देश की जनता की समस्याओं को उठाना नहीं, बल्कि किसी भी तरह सत्ता हासिल करना है। उनके मुताबिक, इंडिया गठबंधन की रैली का मकसद सरकार का विरोध करने से आगे बढ़कर देश की व्यवस्था पर सवाल खड़े करना है।
पीएम मोदी को चक्रव्यूह में फंसाने की कोशिश का आरोप
एसआईआर और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इंडिया गठबंधन की रैली पर प्रतिक्रिया देते हुए आचार्य प्रमोद कृष्णम ने महाभारत का उदाहरण दिया।
उन्होंने कहा कि विपक्षी दल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चक्रव्यूह में फंसाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उन्हें समझना चाहिए कि मोदी अभिमन्यु नहीं, अर्जुन हैं। उन्होंने विपक्षी गठबंधन को कौरवों का गठबंधन बताते हुए कहा कि उनकी कोशिशें सफल नहीं होंगी।
आचार्य कृष्णम ने यह भी आरोप लगाया कि विपक्षी दल कभी सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हैं तो कभी सुप्रीम कोर्ट और चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाते हैं।
राहुल गांधी पर भी साधा निशाना
आचार्य प्रमोद कृष्णम ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और उनके सहयोगी दलों पर भी तीखी टिप्पणी की। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं का मकसद किसी भी तरह सत्ता के सिंहासन तक पहुंचना है।
उन्होंने कहा कि विपक्षी दल हिंदुओं की एकता को तोड़ने और समाज को बांटने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने राहुल गांधी और उनके सहयोगियों पर सनातन विरोधी राजनीति करने का आरोप भी लगाया।
बोले- सनातन की एकता से विपक्ष को परेशानी
आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि विपक्षी गठबंधन की रैली केवल किसी सरकार के खिलाफ नहीं, बल्कि देश के खिलाफ है। उन्होंने दावा किया कि जब तक सनातन सुरक्षित और एकजुट रहेगा, तब तक विपक्ष के लिए सत्ता हासिल करना मुश्किल होगा।
