जानकारी के मुताबिक, ईडी की टीम ने सुंदर शाम अरोड़ा के आवास पर भी तलाशी ली है। इसके अलावा पूर्व मंत्री के सहयोगियों से जुड़े ठिकानों पर भी जांच की जा रही है। फिलहाल ईडी की कार्रवाई का मुख्य केंद्र जमीन सौदे और कथित रिश्वतखोरी से जुड़ा मामला है।
5 करोड़ रुपये की रिश्वत के आरोपों से जुड़ा मामला
ईडी की यह कार्रवाई सुंदर शाम अरोड़ा पर लगे करीब 5 करोड़ रुपये की रिश्वत के आरोपों से संबंधित मामले में हो रही है। आरोप है कि मोहाली में 25 एकड़ जमीन के सौदे और उसके लिए अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) जारी कराने के बदले रिश्वत ली गई थी।
जांच के अनुसार, गुलमोहर टाउनशिप ने जमीन का एग्रीमेंट होने से पहले ही 27.5 करोड़ रुपये का भुगतान कर दिया था। इस जमीन से संबंधित एनओसी 17 नवंबर 2020 को जारी की गई थी।
बेटे की रियल एस्टेट कंपनी में हिस्सेदारी की भी जांच
जांच में सुंदर शाम अरोड़ा के बेटे प्रतीक अरोड़ा की रियल एस्टेट कंपनी में 35 प्रतिशत हिस्सेदारी होने की जानकारी भी सामने आई है। ईडी इस मामले में जमीन सौदे से जुड़े वित्तीय लेनदेन और पूर्व मंत्री के सहयोगियों की भूमिका की जांच कर रही है।
फिलहाल ईडी की ओर से की जा रही तलाशी के दौरान सामने आने वाले दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है।
