भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने गोरखपुर के रानीडीहा स्थित पार्टी के क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित पदाधिकारियों की बैठक के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गोरखपुर क्षेत्र में पदयात्रा में कम से कम 50 हजार कार्यकर्ताओं के शामिल होने का लक्ष्य रखा गया है।
कांग्रेस और सहयोगी दलों पर पंकज चौधरी का निशाना
पंकज चौधरी ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर देश में अराजकता फैलाने तथा संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं। दिल्ली में आयोजित रैली को लेकर भी उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधा और कहा कि घोषित संख्या के मुकाबले वहां अपेक्षा से कम लोग पहुंचे।
उन्होंने कहा कि भाजपा की पदयात्रा के माध्यम से जनता को यह संदेश दिया जाएगा कि देश के नागरिक संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था में विश्वास रखते हैं। यह पदयात्रा शांतिपूर्ण और सांकेतिक प्रदर्शन के रूप में आयोजित की जाएगी।
एसटी हसन के बयान पर भी दी प्रतिक्रिया
सपा नेता एसटी हसन की ओर से राम जन्मभूमि को लेकर उठाए गए सवाल पर पंकज चौधरी ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राम जन्मभूमि को लेकर सपा और कांग्रेस के नेताओं की ओर से इस तरह के बयान पहले भी दिए जाते रहे हैं। उनके मुताबिक, ऐसे बयानों से धार्मिक भावनाओं का अनादर होता है।
2027 में जीत को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का दावा
उत्तर प्रदेश में भाजपा की राजनीतिक स्थिति और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार करते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि प्रदेश में किसकी राजनीतिक जमीन मजबूत है, इसका फैसला जनता करेगी।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल में प्रदेश में हुए बदलावों का जिक्र किया। कानून-व्यवस्था और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में सरकार के कामकाज का हवाला देते हुए उन्होंने दावा किया कि भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार जीत दर्ज करेगी।
