PAC की बैठक में फाइनल होंगे उम्मीदवारों के नाम
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शुक्रवार को दिल्ली में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया के साथ चुनावी तैयारियों को लेकर बैठक की। इस बैठक में पंजाब AAP के अध्यक्ष अमन अरोड़ा और राज्य के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए भगवंत मान ने बताया कि कई संभावित उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा हुई है। छांटे गए नाम शुक्रवार शाम को पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति (PAC) के सामने रखे जाएंगे।
मान ने कहा कि PAC की बैठक शनिवार सुबह 11 बजे फिर होगी। इसके बाद उम्मीदवारों की पहली सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि शनिवार दोपहर करीब 12 बजे सूची साझा की जाएगी।
जनता की प्रतिक्रिया और विधायकों का प्रदर्शन बनेगा आधार
भगवंत मान ने स्पष्ट किया कि अभी उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप नहीं दिया गया है। उम्मीदवारों के चयन में जनता की प्रतिक्रिया और मौजूदा विधायकों के प्रदर्शन को प्राथमिकता दी जाएगी।
AAP की ओर से चुनाव से काफी पहले उम्मीदवारों की सूची जारी करने का उद्देश्य प्रचार अभियान को गति देना और जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करना है। पार्टी पहले भी कई चुनावों में अन्य दलों से पहले अपने उम्मीदवार घोषित करती रही है।
विकास के मुद्दों पर चुनाव लड़ेगी AAP
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी पंजाब में पिछले पांच वर्षों के दौरान अपनी सरकार के कामकाज के आधार पर जनता से वोट मांगेगी। उन्होंने बिजली, जलापूर्ति, स्कूल, अस्पताल, बुनियादी ढांचे और सड़कों को विकास के प्रमुख मुद्दे बताया।
मान ने बैठक को सार्थक बताते हुए कहा कि पार्टी सकारात्मक राजनीति करना चाहती है। उन्होंने यह भी बताया कि चुनावी तैयारियों के तहत आने वाले दिनों में कई और बैठकें होंगी और सर्वेक्षण भी कराया जाएगा।
