मुंबई में अंडरवर्ल्ड जैसा दबदबा बनाना चाहता है गैंग
मुंबई पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, लॉरेंस बिश्नोई गैंग शहर में अपनी दहशत कायम करना चाहता है। गैंग की मंशा है कि जिस तरह 90 के दशक में अंडरवर्ल्ड के नाम से बड़े कारोबारी और फिल्मी हस्तियां डरती थीं, उसी तरह अब लोगों में बिश्नोई गैंग का खौफ पैदा हो।
टाइगर श्रॉफ के घर के बाहर हुई फायरिंग मामले की जांच के दौरान मुंबई क्राइम ब्रांच को कई ऑडियो क्लिप मिले हैं। इनमें अंडरवर्ल्ड का जिक्र सुनाई देने की बात सामने आई है। पुलिस इन ऑडियो क्लिप की जांच कर गैंग की रणनीति और उसके नेटवर्क को समझने की कोशिश कर रही है।
जांच एजेंसियों को आशंका है कि गैंग दाऊद इब्राहिम और डी-कंपनी के पुराने प्रभाव को चुनौती देकर मुंबई में अपनी पकड़ मजबूत करना चाहता है। इसके जरिए बिल्डरों और फिल्मी हस्तियों के बीच डर पैदा कर बड़े स्तर पर रंगदारी वसूलने की कोशिश की जा सकती है।
टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में 12वां आरोपी गिरफ्तार
टाइगर श्रॉफ के घर के बाहर हुई फायरिंग के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने हरियाणा से अमन नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस गिरफ्तारी के साथ मामले में पकड़े गए आरोपियों की संख्या 12 हो गई है।
पुलिस पूछताछ में अमन से साजिश के लिए किए गए पैसों के लेन-देन को लेकर अहम जानकारी मिली है। क्राइम ब्रांच के मुताबिक, पहले गिरफ्तार किए गए आरोपी कुणाल के कहने पर अमन ने आरोपी महिला राधा के बैंक खाते में 12 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए थे।
यह रकम उस समय भेजी गई थी, जब राधा दिल्ली से हथियारों की खेप लेकर मुंबई आने वाली थी।
50 हजार रुपये के ट्रांजैक्शन से खुला मनी ट्रेल
जांच में सामने आया है कि अमन, आरोपी कुणाल का पड़ोसी और करीबी दोस्त है। पुलिस का आरोप है कि उसे पूरी साजिश की जानकारी थी।
क्राइम ब्रांच के मुताबिक, फायरिंग की वारदात से करीब एक महीने पहले मुख्य साजिशकर्ता अनिल पंडित के जरिए कुणाल ने अमन के बैंक खाते में 50 हजार रुपये ट्रांसफर करवाए थे। इसी रकम में से 12 हजार रुपये अमन ने राधा के बैंक खाते में भेजे थे।
पुलिस को शक है कि अमन के बैंक खाते का इस्तेमाल दूसरे आरोपियों और संदिग्धों तक भी पैसे पहुंचाने के लिए किया गया था।
पुलिस खंगाल रही बैंक खातों की पूरी मनी ट्रेल
मुंबई क्राइम ब्रांच अब अमन और राधा के बैंक खातों से जुड़े सभी लेन-देन की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि फायरिंग की साजिश में कितने लोगों ने आर्थिक मदद की और पैसों का इस्तेमाल किन-किन कामों के लिए किया गया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, अमन को जानकारी थी कि उसके बैंक खाते का इस्तेमाल आपराधिक साजिश के लिए किया जा रहा है। इसी आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया है।
