लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयानों पर पलटवार किया है। एबीपी न्यूज़ के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि भाषण से हार-जीत तय नहीं होती, बल्कि इसका फैसला जनता करती है। दरअसल, अमित शाह ने बीजेपी की उत्तर प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में मुलायम सिंह यादव पर कारसेवकों पर गोली चलवाने का आरोप लगाया था। इसके साथ ही उन्होंने कहा था कि अगर यूपी में बीजेपी की तीसरी बार सरकार बनती है तो राज्य में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू की जाएगी।
अमित शाह के इन बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने कहा, “हारने वालों, हार-जीत हम भाषणों में तय नहीं कर सकते। यह जनता तय करती है।” उन्होंने अयोध्या की जनता का धन्यवाद करते हुए कहा कि वहां के लोगों ने समाजवादी पार्टी को जीत दिलाई। वहीं, वाराणसी में डबल इंजन की सरकार को जनता ने डबल जीरो दिया है। अखिलेश ने दावा किया कि आने वाले समय में जनता मतदान के जरिए बीजेपी का सफाया करने जा रही है।
‘काशी की जनता ने डबल इंजन सरकार को डबल जीरो दिया’
इससे पहले अखिलेश यादव ने वाराणसी के चुनावी नतीजों को लेकर भी बीजेपी पर निशाना साधा था। उन्होंने सपा कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि जो लोग चुनाव में धूमधाम मचाने की तैयारी कर रहे थे, वे धड़ाम से गिर गए।
अखिलेश ने संजय त्रिपाठी का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि उन्हें हराने के चक्कर में बीजेपी ने अपना ही नुकसान करा लिया। उन्होंने कहा कि संजय त्रिपाठी चुनाव जीत सकते थे, लेकिन मुख्यमंत्री ने शतरंज के घोड़े जैसी चाल चलकर उन्हें हराने की कोशिश की।
‘बीजेपी का पूरा चुनावी गणित गड़बड़ा गया’
सपा प्रमुख ने दावा किया कि भले ही गिनती में पांच सीटें दिखाई दे रही हों, लेकिन बीजेपी 50 जिलों में हारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर बीजेपी ने छल नहीं किया होता तो उसके पास छह सीटें भी नहीं होतीं।
अखिलेश यादव के मुताबिक, इस चुनाव में व्यापारी, महिलाएं, संजय त्रिपाठी, लाल बिहारी यादव, वैश्य समाज, कायस्थ समाज और मान सिंह समेत कई वर्गों के लोग एक साथ आए। उन्होंने दावा किया कि आम जनता के बीच रातभर चले संघर्ष के बाद बीजेपी के खिलाफ संदेश गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तंज कसते हुए अखिलेश ने कहा कि अब उन्हें सोचना होगा कि एक्सप्रेसवे से जाएंगे या ट्रेन में सीट बुक कराएंगे।
बीजेपी पर दूरदृष्टि के दावे को लेकर साधा निशाना
अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी खुद को दूरदृष्टि वाली पार्टी बताती थी, लेकिन उसे चिराग तले का अंधेरा दिखाई नहीं दिया और पार्टी चुनाव हार गई।
उन्होंने समाजवादी पार्टी और उसके गठबंधन की रिकॉर्ड जीत का दावा भी किया। अखिलेश के इन बयानों के बाद उत्तर प्रदेश में बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।
