अमित शाह ने आरोप लगाया कि 1990 में इसी दिन मुलायम सिंह यादव के शासनकाल में राम भक्तों और कारसेवकों पर गोलियां चलाई गई थीं। उन्होंने कहा कि पूरे सरयू का जल राम भक्तों के खून से लाल हो गया था। अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा कि उन्हें लगता है कि जनता सब कुछ भूलकर माफ कर देगी, लेकिन ऐसा नहीं होने वाला है।
यूपी में बीजेपी की सरकार बरगद के पेड़ जैसी: अमित शाह
गृह मंत्री ने उत्तर प्रदेश में बीजेपी की राजनीतिक स्थिति और आगामी चुनाव को लेकर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि यूपी में बीजेपी की सरकार बरगद के पेड़ की तरह है, जिसे कोई हटा नहीं सकता। पार्टी प्रचंड बहुमत के साथ एक बार फिर सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से किसी भी तरह की दुविधा में नहीं रहने की अपील की।
2014 और 2017 के चुनावों का किया जिक्र
अमित शाह ने 2014 के लोकसभा चुनाव को याद करते हुए कहा कि उस समय उत्तर प्रदेश में बीजेपी की स्थिति मजबूत नहीं थी। पार्टी के पास महज 41 विधानसभा सीटें थीं और कार्यकर्ताओं में निराशा थी। उस समय नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चुनाव लड़ा जा रहा था और वह खुद यूपी के प्रभारी थे।
शाह ने कहा कि वह तहसील-तहसील जाकर कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते थे। संगठन को मजबूत करने और चुनाव अभियान शुरू होने के बाद बीजेपी ने 73 लोकसभा सीटें हासिल कीं। उन्होंने दावा किया कि पार्टी को करीब 41 प्रतिशत वोट मिले और विपक्ष का सूपड़ा साफ हो गया।
2017 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए शाह ने कहा कि उस समय वह बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे। नोटबंदी के बाद अखिलेश यादव को लगता था कि चुनाव में उन्हें फायदा मिलेगा, लेकिन बीजेपी कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव और जिले-जिले जाकर पार्टी का संदेश पहुंचाया। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पार्टी ने 40 प्रतिशत से अधिक वोट हासिल कर 312 सीटों पर जीत दर्ज की।
‘देश में शुरू हुई पॉलिटिक्स ऑफ परफॉर्मेंस’
अमित शाह ने कहा कि 2014 से देश की राजनीति में एक नए दौर की शुरुआत हुई। पहले राजनीति जातिवाद, परिवारवाद और भ्रष्टाचार से प्रभावित थी। उन्होंने इन तीनों को राजनीति को प्रदूषित करने वाला बताया।
शाह के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 से 2026 तक इन चुनौतियों के खिलाफ राजनीति को नई दिशा दी और पॉलिटिक्स ऑफ परफॉर्मेंस की शुरुआत की। उन्होंने 2022 के यूपी विधानसभा चुनाव का भी उल्लेख किया और कहा कि बीजेपी को 41 प्रतिशत वोट मिले थे और पार्टी ने बहुमत से अधिक सीटें हासिल कर लगातार दूसरी बार सरकार बनाई।
कार्यकर्ताओं से बोले- अर्जुन की तरह लक्ष्य पर रखें नजर
गृह मंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को मन से सारे भाव निकालकर अर्जुन की तरह केवल लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। उन्होंने प्रचंड बहुमत के साथ बीजेपी की सरकार बनाने के लिए पूरी ताकत लगाने की अपील की।
विकास और रोजगार के मुद्दे पर भी बोले अमित शाह
अमित शाह ने उत्तर प्रदेश में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य के सात शहरों में मेट्रो का संचालन हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्र से मदद देने में कोई कमी नहीं की, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने योजनाओं को जमीन पर उतारने का काम किया है।
अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए शाह ने सवाल किया कि उनके पिता और उन्होंने गरीबों के लिए क्या किया? उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के शासन में गरीबों का हक मारा गया।
शाह ने दावा किया कि मोदी सरकार के कार्यकाल में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं और 9 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। उन्होंने 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश से रोजगार के अवसर पैदा होने की बात कही। साथ ही दावा किया कि उत्तर प्रदेश में बीजेपी सरकार ने पुलिस विभाग में 2 लाख 26 हजार लोगों को नौकरी दी है।
बोले- चुनाव कार्यकर्ता ही जिताएंगे
अमित शाह ने कहा कि सरकार के विकास कार्य अपनी जगह हैं, लेकिन चुनाव में कार्यकर्ताओं का पराक्रम सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि बीजेपी में विचारधारा के लिए जीने वाले कार्यकर्ता हैं और उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा कार्यकर्ताओं को संगठन में जिम्मेदारियां दी गई हैं।
