UP Paddy Procurement 2026: यूपी में 1 नवंबर से शुरू होगी धान खरीद, किसानों को मिलेगा 2461 रुपये प्रति कुंतल MSP

UP Paddy Procurement 2026: योगी सरकार ने धान खरीद की तैयारियां तेज कर दी हैं। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत पूर्वी यूपी और लखनऊ संभाग में पहली नवंबर से सरकारी केंद्रों पर धान की खरीद शुरू होगी। इस बार सरकार ने 65 लाख मीट्रिक टन खरीद का लक्ष्य रखा है। किसानों को उनकी उपज का भुगतान भी 48 घंटे के भीतर सीधे बैंक खाते में किया जाएगा।

धान खरीद 2026-27: 1 नवंबर से शुरू होगी सरकारी खरीद

उत्तर प्रदेश में धान की फसल बेचने का इंतजार कर रहे किसानों के लिए अच्छी खबर है। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत पूर्वी उत्तर प्रदेश के संभागों में 1 नवंबर से सरकारी क्रय केंद्रों पर धान की खरीद शुरू होने जा रही है। यह प्रक्रिया 28 फरवरी 2027 तक चलेगी। केंद्र सरकार ने इस साल धान के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में भी बढ़ोतरी की है। इसके तहत धान कॉमन का समर्थन मूल्य 2441 रुपये और ग्रेड-ए धान का 2461 रुपये प्रति कुंतल तय किया गया है।

65 लाख मीट्रिक टन धान खरीदने का लक्ष्य

उत्तर प्रदेश सरकार ने इस बार धान खरीद का लक्ष्य बढ़ाकर 65 लाख मीट्रिक टन कर दिया है। पिछले खरीद सीजन में प्रदेश ने 62 लाख मीट्रिक टन धान खरीदकर रिकॉर्ड बनाया था। इस बार आठ क्रय एजेंसियों के जरिए कुल 4500 क्रय केंद्रों पर खरीद की जाएगी। इनमें से शुक्रवार तक 4195 क्रय केंद्र शुरू किए जा चुके हैं। सरकार का लक्ष्य है कि किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

किसानों को 48 घंटे में मिलेगा भुगतान, अतिरिक्त 20 रुपये भी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि धान बेचने वाले किसानों का भुगतान 48 घंटे के भीतर डीबीटी के जरिए सीधे उनके बैंक खातों में किया जाए। खरीद प्रक्रिया में बिचौलियों की भूमिका खत्म करने के लिए पूरी व्यवस्था ऑनलाइन की गई है।

इसके अलावा किसानों को धान की उतराई, छनाई और सफाई के लिए 20 रुपये प्रति कुंतल अलग से दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने मौसम को देखते हुए क्रय केंद्रों पर किसानों के लिए छाया, पीने का पानी और बैठने जैसी सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ कहा है कि धान बेचने आने वाले किसानों को किसी भी हाल में परेशान नहीं होना चाहिए।

इन जिलों में 1 नवंबर से होगी धान की खरीद

प्रदेश के पूर्वी हिस्से में चित्रकूट, कानपुर, अयोध्या, गोरखपुर, देवीपाटन, बस्ती, आजमगढ़, वाराणसी, मीरजापुर और प्रयागराज संभाग में पहली नवंबर से धान खरीद शुरू होगी। इसके साथ ही लखनऊ संभाग के लखनऊ, रायबरेली और उन्नाव जिलों में भी इसी तारीख से सरकारी खरीद की शुरुआत होगी। इन सभी क्षेत्रों में खरीद की प्रक्रिया 28 फरवरी 2027 तक जारी रहेगी।

धान बेचने के लिए यहां कराएं किसान पंजीकरण

सरकार की धान खरीद व्यवस्था के तहत अब तक 38 हजार से अधिक किसान अपना पंजीकरण करा चुके हैं। जिन किसानों ने अभी तक पंजीकरण या नवीनीकरण नहीं कराया है, वे खाद्य एवं रसद विभाग की आधिकारिक वेबसाइट fcs.up.gov.in या UP KISAN MITRA के माध्यम से यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

अगर धान खरीद या पंजीकरण के दौरान किसानों को किसी तरह की परेशानी होती है तो वे टोल फ्री नंबर 18001800150 पर शिकायत या जानकारी दे सकते हैं। अधिकारियों को किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *