पटना में महिला की गोली मारकर हत्या, छोटे दामाद पर लगा आरोप; परिवार का इकलौता सहारा थीं उर्मिला देवी

बिहार की राजधानी पटना में गुरुवार देर शाम एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान 55 वर्षीय उर्मिला देवी के रूप में हुई है, जो एक निजी नर्सिंग होम में सफाईकर्मी थीं। वारदात एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के नेहरू रोड पर पिलर नंबर 17 के पास हुई। परिजनों ने हत्या के पीछे महिला के छोटे दामाद मुकेश कुमार का हाथ होने का शक जताया है।

घर लौटते समय बदमाशों ने मारी गोली

जानकारी के मुताबिक, बिक्रम की रहने वाली उर्मिला देवी खाजपुरा स्थित एक निजी नर्सिंग होम में सफाई का काम करती थीं। गुरुवार को काम खत्म करने के बाद वह घर लौट रही थीं। इसी दौरान नेहरू रोड पर पिलर संख्या 17 के पास बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी।

गोली सीधे उनके सिर में लगी, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ीं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें एलएनजेपी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दानापुर की ओर फरार हो गया।

छोटे दामाद पर हत्या का शक

परिजनों के मुताबिक, उर्मिला देवी के पति अजय सिंह मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं। उनकी चार बेटियां हैं और सभी की शादी हो चुकी है। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी उर्मिला देवी ही संभाल रही थीं।

परिजनों ने बताया कि उनकी सबसे छोटी बेटी का पति मुकेश कुमार उसके साथ मारपीट करता था। इसी वजह से बेटी अपना ससुराल छोड़कर मायके में रहने लगी थी। आरोप है कि मुकेश दूसरी शादी करना चाहता था और अपनी पत्नी को जान से मारने की धमकी भी देता था।

परिजनों ने आशंका जताई है कि इसी पारिवारिक विवाद के चलते मुकेश कुमार ने उर्मिला देवी की हत्या करवाई या खुद इस वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने आरोपी के पास अवैध हथियार होने और आपराधिक प्रवृत्ति का होने का भी आरोप लगाया है। हालांकि, हत्या में उसकी संलिप्तता की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

मौके पर पहुंचे एसपी सिटी, जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी चंद्र प्रकाश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस को घटनास्थल से एक कारतूस भी बरामद हुआ है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इसके साथ ही परिजनों से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *