रणबीर कपूर बनने जा रहे हैं डायरेक्टर, खुद लिख रहे हैं पहली फिल्म की कहानी; अपनी ही फिल्म में नहीं करेंगे एक्टिंग

रणबीर कपूर इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म में वह भगवान राम की भूमिका निभाते नजर आएंगे। इसी बीच रणबीर ने अपने करियर को लेकर बड़ा खुलासा किया है। वह अब सिर्फ एक्टिंग तक सीमित नहीं रहना चाहते, बल्कि फिल्म निर्देशन की दुनिया में भी कदम रखने की तैयारी कर रहे हैं। खास बात यह है कि उन्होंने अपनी पहली फिल्म की स्क्रिप्ट लिखनी भी शुरू कर दी है।

रणबीर कपूर ने शुरू की पहली फिल्म की स्क्रिप्ट लिखना

रणबीर कपूर ने BBC को दिए एक इंटरव्यू में डायरेक्टर बनने की अपनी इच्छा जाहिर की। उन्होंने बताया कि कुछ महीने पहले ही उन्होंने अपनी पहली फिल्म की कहानी लिखना शुरू किया है।

रणबीर ने कहा, “मैंने कुछ महीने पहले ही एक स्क्रिप्ट लिखना शुरू किया है और यह काम बहुत मुश्किल है। अब मैं राइटर्स और क्रिएटर्स का और ज्यादा सम्मान करने लगा हूं। मैं सोचता हूं कि आखिर आप कोई कहानी बनाते कैसे हैं?”

उन्होंने आगे कहा कि म्यूजिक आर्टिस्ट के बाद अगर किसी का काम सबसे ज्यादा क्रिएटिव है तो वह फिल्म डायरेक्टर का है। एक निर्देशक के लिए अपनी कहानी को पर्दे पर उतारना और इतने सारे लोगों को एक साथ लेकर काम करना बेहद खूबसूरत अनुभव है। रणबीर ने उम्मीद जताई कि वह भी एक दिन ऐसा कर पाएंगे।

अपनी डायरेक्टोरियल फिल्म में एक्टिंग नहीं करेंगे रणबीर

इंटरव्यू में रणबीर ने साफ किया कि वह अपनी पहली निर्देशित फिल्म में खुद अभिनय नहीं करना चाहते। उनका पूरा ध्यान फिल्म के निर्देशन पर रहेगा।

उन्होंने बताया कि वह साल में करीब 100 से 125 दिन ही काम करते हैं, इसलिए उनके पास कहानी लिखने के लिए पर्याप्त समय है। रणबीर के मुताबिक, पहले उनकी एक फिल्म रिलीज होती थी और वह तुरंत दूसरी फिल्म की शूटिंग शुरू कर देते थे, लेकिन अब वह अपने करियर में कुछ नया करना चाहते हैं।

एक्टर ने यह भी कहा कि उन्हें लगता है कि बतौर अभिनेता यह उनका आखिरी दशक हो सकता है। ऐसे में वह धीरे-धीरे निर्देशन की तरफ भी बढ़ना चाहते हैं।

फैमिली के साथ बैठकर देख सकें ऐसी फिल्म बनाना चाहते हैं रणबीर

रणबीर कपूर ने अभी यह तय नहीं किया है कि उनकी पहली निर्देशित फिल्म किस जॉनर की होगी। हालांकि, उन्होंने अपनी फिल्म को लेकर एक बात जरूर स्पष्ट की है। वह ऐसी फिल्म बनाना चाहते हैं, जिसे पूरा परिवार एक साथ बैठकर देख सके।

फिलहाल उनका फोकस पहले से तय फिल्मों को पूरा करने पर है। इनमें ‘ब्रह्मास्त्र 2’, ‘एनिमल 2’ और ‘रामायण: पार्ट 2’ जैसी फिल्में शामिल हैं। इन प्रोजेक्ट्स को पूरा करने के बाद वह अपनी पहली डायरेक्टोरियल फिल्म पर काम शुरू करना चाहते हैं। उनकी योजना अगले 2-3 साल में फिल्म की शूटिंग शुरू करने की है।

पिता ऋषि कपूर और दादा राज कपूर से भी जुड़ा है निर्देशन का रिश्ता

रणबीर कपूर का फिल्म निर्देशन से पुराना रिश्ता रहा है। उनके पिता ऋषि कपूर ने साल 1999 में फिल्म ‘आ अब लौट चलें’ का निर्देशन किया था। उस समय रणबीर करीब 15-16 साल के थे और उन्होंने इस फिल्म में अपने पिता को असिस्ट भी किया था।

इसके अलावा रणबीर ने संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘ब्लैक’ में भी असिस्टेंट के तौर पर काम किया था।

वहीं, उनके दादा राज कपूर हिंदी सिनेमा के दिग्गज फिल्ममेकर रहे हैं। उन्होंने ‘आवारा’ और ‘श्री 420’ जैसी यादगार फिल्मों का निर्देशन किया था। राज कपूर ने महज 24 साल की उम्र में आरके स्टूडियो की शुरुआत भी की थी।

ऐसे में रणबीर कपूर का निर्देशन की दुनिया में कदम रखने का सपना उनके परिवार की फिल्मी विरासत को आगे बढ़ाने की दिशा में एक नया कदम हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *