Donald Trump ने व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में मनाई दिवाली, विशाल गोंडल ने भेंट की हनुमान चालीसा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में दिवाली का त्योहार मनाया। इस खास समारोह में भारतीय मूल के कई बड़े अधिकारी, कारोबारी, उद्यमी और प्रमुख कंपनियों के CEO शामिल हुए। राष्ट्रपति ट्रंप ने दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान भारत के अमेरिकी राजदूत विनय मोहन क्वात्रा, FBI निदेशक काश पटेल और सेलिब्रिटी शेफ विकास खन्ना समेत कई जानी-मानी हस्तियां मौजूद रहीं।

दिवाली समारोह में कई बड़ी हस्तियां हुईं शामिल

व्हाइट हाउस में आयोजित दिवाली समारोह में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो और सोशल सिक्योरिटी एडमिनिस्ट्रेशन के डिप्टी कमिश्नर अर्जुन मोदी भी शामिल हुए।

इसके अलावा IBM के CEO अरविंद कृष्णा, माइक्रोन टेक्नोलॉजी के CEO संजय मेहरोत्रा और राष्ट्रीय स्वास्थ्य संस्थान (NIH) के निदेशक जय भट्टाचार्य भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

समारोह में उद्यमी विशाल गोंडल, धाल्ला ग्रुप ऑफ कंपनीज की अध्यक्ष रूबी धाल्ला, नैक सिस्टम्स के संस्थापक राजीव शर्मा और केशवम DC के अध्यक्ष विश्वजीत मल्लमपति समेत कई अन्य मेहमानों ने हिस्सा लिया।

विशाल गोंडल ने ट्रंप को भेंट की हनुमान चालीसा

दिवाली समारोह के दौरान GOQii टेक्नोलॉजीज के संस्थापक और CEO विशाल गोंडल ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को हनुमान चालीसा की एक प्रति भेंट की।

गोंडल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर समारोह की तस्वीरें साझा करते हुए इसे अपने लिए सम्मान की बात बताया। उन्होंने कहा कि उन्होंने ट्रंप को तुलसीदास द्वारा रचित हनुमान चालीसा भेंट की है, जिसे लाखों लोग साहस, भक्ति और शक्ति के लिए पढ़ते हैं।

उन्होंने बताया कि जब ओवल ऑफिस में दीये जलाए जा रहे थे, तब उन्होंने भारत और अमेरिका की दोस्ती मजबूत होने तथा अंधकार पर प्रकाश की जीत के लिए प्रार्थना की।

जॉर्ज बुश ने शुरू की थी व्हाइट हाउस में दिवाली मनाने की परंपरा

व्हाइट हाउस में दिवाली मनाने की परंपरा की शुरुआत साल 2003 में तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू बुश ने की थी। शुरुआती वर्षों में यह आयोजन मुख्य रूप से आइजनहावर एग्जीक्यूटिव ऑफिस बिल्डिंग में किया जाता था। इसमें भारतीय-अमेरिकी समुदाय के सदस्य और भारतीय राजनयिक शामिल होते थे।

इसके बाद साल 2009 में तत्कालीन राष्ट्रपति बराक ओबामा व्हाइट हाउस में दीया जलाने वाले पहले अमेरिकी राष्ट्रपति बने थे। उन्होंने ईस्ट रूम में आयोजित दिवाली समारोह में दीप प्रज्ज्वलित किया था।

तब से व्हाइट हाउस के अलग-अलग हिस्सों में दिवाली समारोह आयोजित किए जाते रहे हैं। इनमें ओवल ऑफिस और रूजवेल्ट रूम भी शामिल हैं। यह आयोजन अमेरिका में भारतीय समुदाय की सांस्कृतिक परंपराओं और दिवाली के महत्व को भी दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *