US Midterm Election 2026: अमेरिकी चुनाव में भारतवंशियों का जलवा, रो खन्ना-अमी बेरा समेत कई नेताओं की जीत, विवेक रामास्वामी हारे

अमेरिका में 3 नवंबर को हुए मध्यावधि चुनाव (Midterm Elections 2026) के नतीजों में भारतीय मूल के उम्मीदवारों ने अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। डेमोक्रेटिक पार्टी के कई भारतीय-अमेरिकी नेताओं ने जीत हासिल कर अपनी सीटें बरकरार रखी हैं। वहीं, फ्लोरिडा से पिया डंडिया ने पहली बार अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में जगह बनाई है। दूसरी तरफ, रिपब्लिकन उम्मीदवार विवेक रामास्वामी को ओहायो के गवर्नर चुनाव में हार का सामना करना पड़ा है।

अमेरिकी चुनाव में रो खन्ना, अमी बेरा, प्रमिला जयपाल और सुहास सुब्रमण्यम जैसे चर्चित भारतीय-अमेरिकी नेताओं ने जीत दर्ज की है। मैरीलैंड की उपराज्यपाल अरुणा मिलर भी दोबारा चुनी गई हैं।

पिया डंडिया ने पहली बार जीता अमेरिकी कांग्रेस का चुनाव

फ्लोरिडा के 22वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से डेमोक्रेटिक उम्मीदवार पिया डंडिया ने जीत हासिल की है। उन्होंने रिपब्लिकन उम्मीदवार केसी अस्कर को हराया। उन्हें करीब 51.9 फीसदी वोट मिले। इस जीत के साथ उन्होंने अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में पहली बार जगह बनाई है।

भारतीय मूल के डेमोक्रेटिक सांसद रो खन्ना ने कैलिफोर्निया के 17वें संसदीय क्षेत्र से बड़ी जीत दर्ज की है। उन्हें करीब 72 फीसदी वोट मिले। उन्होंने अपनी सीट पर कब्जा बरकरार रखा है।

वहीं, अमी बेरा ने कैलिफोर्निया के तीसरे संसदीय क्षेत्र से लगातार आठवीं बार जीत हासिल की है। दूसरी तरफ, प्रमिला जयपाल ने वाशिंगटन के सातवें संसदीय क्षेत्र से लगातार छठी बार चुनाव जीता है।

अरुणा मिलर और अर्पणा राज ने भी दर्ज की जीत

मैरीलैंड में भारतीय मूल की अरुणा मिलर ने भी दोबारा उपराज्यपाल का चुनाव जीत लिया है। उन्होंने डेमोक्रेटिक गवर्नर वेस मूर के साथ चुनाव लड़ा था।

इसके अलावा वाशिंगटन डीसी सिटी काउंसिल के वार्ड-1 से अर्पणा राज ने जीत हासिल की है। विस्कॉन्सिन के अटॉर्नी जनरल जोश कौल ने भी तीसरी बार अपना चुनाव जीता है।

विवेक रामास्वामी को मिली हार

अमेरिकी चुनाव में भारतीय मूल के रिपब्लिकन उम्मीदवार विवेक रामास्वामी को बड़ा झटका लगा है। ओहायो के गवर्नर पद के चुनाव में उन्हें डेमोक्रेटिक उम्मीदवार डॉ. एमी एक्टन ने हरा दिया।

रिपोर्टों के मुताबिक, एमी एक्टन को करीब 50.9 फीसदी वोट मिले, जबकि रामास्वामी को लगभग 45.8 फीसदी वोट हासिल हुए। इस जीत के साथ एमी एक्टन ओहायो की पहली निर्वाचित महिला गवर्नर बनेंगी।

इन भारतीय मूल के उम्मीदवारों को भी मिली हार

विवेक रामास्वामी के अलावा कई अन्य भारतीय मूल के उम्मीदवारों को भी चुनाव में हार का सामना करना पड़ा है।

  • रितेश टंडन: कैलिफोर्निया के 17वें संसदीय क्षेत्र में रो खन्ना से हारे।

  • नीरव सेठ: वाशिंगटन के सातवें संसदीय क्षेत्र में हार का सामना किया।

  • महेश गनोरकर: नॉर्थ कैरोलिना के चौथे संसदीय क्षेत्र में चुनाव हार गए।

  • अनिल कुमार: मिशिगन के 11वें संसदीय क्षेत्र से जीत हासिल नहीं कर सके।

  • सरिता कोमातिरेड्डी: न्यूयॉर्क के अटॉर्नी जनरल चुनाव में हार गईं।

  • संदीप दीक्षित: ओहायो के 13वें संसदीय क्षेत्र में जीत हासिल नहीं कर सके।

अमेरिकी चुनाव में भारतीय मूल के उम्मीदवारों के प्रदर्शन ने एक बार फिर वहां की राजनीति में भारतीय-अमेरिकी समुदाय की भागीदारी को चर्चा में ला दिया है। कांग्रेस से लेकर राज्य और स्थानीय प्रशासन तक कई पदों पर भारतीय मूल के नेताओं ने जीत दर्ज की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *