Kareena Kapoor on Nepotism: करीना कपूर ने खुद को बताया नेपोटिज्म की पोस्टर गर्ल, करण जौहर भी नहीं रोक पाए हंसी

बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर खान एक बार फिर नेपोटिज्म को लेकर अपने बयान की वजह से चर्चा में हैं। हाल ही में वह अपने पति सैफ अली खान के साथ करण जौहर के चर्चित चैट शो ‘कॉफी विद करण’ में पहुंचीं। यहां उन्होंने अपनी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ से जुड़े कई खुलासे किए। इसी दौरान नेपोटिज्म पर उनकी एक टिप्पणी सुनकर करण जौहर भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए।

शो के दौरान एक मजेदार सेगमेंट जीतने के बाद सैफ अली खान ने मजाक में कहा कि इससे साबित होता है कि करण जौहर का शो नेपोटिज्म को बढ़ावा नहीं देता और न ही पक्षपाती है। सैफ की बात सुनकर करीना हैरान रह गईं और उन्होंने पूछा कि उन्होंने ऐसा क्यों कहा?

इस पर करण जौहर ने करीना की तरफ इशारा करते हुए उन्हें ‘नेपो बेबी’ कह दिया। जवाब में करीना ने मजाकिया अंदाज में कहा, “मैं नेपोटिज्म से निकले सबसे बेहतरीन टैलेंट की पोस्टर गर्ल हूं। एकदम शुद्ध, ओरिजिनल टैलेंट। मैंने कभी अपने माता-पिता के नाम का इस्तेमाल नहीं किया है।”

करीना का यह जवाब सुनकर करण जौहर ने ‘वाह!’ कहा और सैफ के साथ मिलकर तालियां बजाने लगे।

नेपोटिज्म पर पहले भी अपनी राय रख चुकी हैं करीना

करीना कपूर ऐसा पहली बार नहीं है जब नेपोटिज्म के मुद्दे पर खुलकर बोली हैं। साल 2020 में पत्रकार बरखा दत्त के साथ बातचीत के दौरान भी उन्होंने इस मुद्दे पर अपनी राय रखी थी।

करीना ने कहा था कि सिर्फ नेपोटिज्म के दम पर कोई कलाकार 21 साल तक इंडस्ट्री में काम नहीं कर सकता। उन्होंने कहा था कि वह ऐसे कई सुपरस्टार्स के बच्चों की लंबी लिस्ट बता सकती हैं, जो अपने माता-पिता की पहचान के बावजूद फिल्म इंडस्ट्री में सफल नहीं हो पाए।

एक्ट्रेस ने यह भी कहा था कि वह अपने करियर को सिर्फ परिवार के नाम से मिली सफलता के तौर पर नहीं देखती हैं।

करीना के मुताबिक, उनका भी अपना संघर्ष रहा है। हालांकि, उन्होंने माना था कि उनका संघर्ष उस व्यक्ति जैसा नहीं रहा, जो महज 10 रुपये लेकर ट्रेन से मुंबई आता है। उन्होंने कहा था कि वह अपने अलग सफर के लिए माफी नहीं मांग सकतीं।

फिल्म ‘रिफ्यूजी’ से किया था बॉलीवुड डेब्यू

करीना कपूर हिंदी सिनेमा के मशहूर कपूर परिवार से ताल्लुक रखती हैं। वह अभिनेता रणधीर कपूर और अभिनेत्री बबीता कपूर की बेटी हैं। वहीं, दिग्गज अभिनेता राज कपूर उनके दादा थे।

करीना ने साल 2000 में जेपी दत्ता की फिल्म ‘रिफ्यूजी’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इस फिल्म में उनके साथ अभिषेक बच्चन नजर आए थे। इसके बाद करीना ने कई सफल फिल्मों में काम किया और अपनी अलग पहचान बनाई।

करीब 26 साल से फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय करीना कपूर ने रोमांटिक, कॉमेडी और गंभीर किरदारों के जरिए दर्शकों का मनोरंजन किया है। आज वह बॉलीवुड की चर्चित अभिनेत्रियों में शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *