इस मामले में रामपुर के सांसद मौलाना मोहिबुल्लाह नदवी ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) को पत्र लिखकर संबंधित थाना प्रभारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
SHO को निलंबित करने और FIR दर्ज करने की मांग
सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने DGP को लिखे पत्र में सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और स्थानीय लोगों की शिकायतों का हवाला दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस अधिकारी ने महिला के साथ सार्वजनिक रूप से दुर्व्यवहार किया और शारीरिक बल का इस्तेमाल किया।
सांसद ने मांग की है कि मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए SHO नरेश कुमार को निलंबित किया जाए। साथ ही उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में FIR दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराई जाए।
मोहिबुल्लाह नदवी ने कहा कि पुलिस का काम कानून-व्यवस्था बनाए रखना और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करना है। कानून से ऊपर कोई नहीं है। उन्होंने पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर आवाज उठाने की बात कही है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, रामपुर के मिलक खानम थाना क्षेत्र के नानकारैन गांव में दो भाइयों के बीच घर के बाहर गेट लगाने को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
विवाद शांत कराने के दौरान थाना प्रभारी नरेश कुमार पर एक महिला को थप्पड़ मारने का आरोप लगा। मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। अब सांसद ने भी इस मामले में हस्तक्षेप करते हुए DGP से कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस विभाग को सख्त निर्देश देने की मांग
सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने प्रदेश में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पुलिस विभाग को सख्त दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की है। फिलहाल, इस मामले में थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई और जांच को लेकर आगे की स्थिति पर नजर बनी हुई है।
