मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका ने ईरान के रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण केशम द्वीप पर हमला किया है। यह द्वीप स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास स्थित है, जो वैश्विक तेल व्यापार के लिहाज से बेहद अहम माना जाता है।
केशम द्वीप पर सुनाई दिए पांच धमाके
अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, स्थानीय लोगों ने ईरान के केशम द्वीप पर पांच धमाकों की आवाजें सुनीं। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि उन्होंने इलाके में दो विमानों को उड़ते हुए भी देखा। इसके अलावा बंदर लेंगेह के पास भी धमाकों की खबर सामने आई है।
चश्मदीदों के मुताबिक, ये धमाके समुद्र की दिशा से हुए थे। हालांकि, हमले में हुए नुकसान और इसके वास्तविक प्रभाव को लेकर अभी स्वतंत्र पुष्टि का इंतजार है।
ट्रंप बोले- ईरान युद्ध रोकने की कर रहा अपील
वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिका ने ईरान के खिलाफ युद्ध जीत लिया है। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान के नेता उनसे युद्ध रोकने की अपील कर रहे हैं।
ट्रंप के मुताबिक, ईरान की ओर से उनसे कहा गया है कि अब उनके नेताओं को मारना बंद किया जाए। हालांकि, ईरान की तरफ से ट्रंप के इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
ईरान ने चार अमेरिकी ड्रोन पकड़ने का किया दावा
दूसरी तरफ ईरान की सरकारी न्यूज एजेंसी आईआरएनए ने दावा किया है कि ईरानी नौसेना ने दो अमेरिकी ड्रोन को सुरक्षित अपने कब्जे में ले लिया है। इसके बाद चार और ड्रोन पकड़े जाने की जानकारी भी सामने आई है।
अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच इन घटनाओं ने क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। खासतौर पर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के आसपास की स्थिति पर पूरी दुनिया की नजर बनी हुई है।
