ओवैसी ने कर्नाटक में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के अलग-अलग नेता SIR को लेकर अलग-अलग बयान दे रहे हैं। एक तरफ कांग्रेस के मंत्री सतीश जारकीहोली SIR को अच्छा बता रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ प्रियांक खड़गे इसके विपरीत बात कर रहे हैं।
ओवैसी बोले- हैदराबाद, बेंगलुरु और दिल्ली में कांग्रेस के अलग-अलग सुर
असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि कांग्रेस पूरे देश में SIR का विरोध कर रही है, लेकिन अलग-अलग राज्यों में उसका रुख अलग नजर आता है। उन्होंने आरोप लगाया कि हैदराबाद में कांग्रेस के नेता चुनाव आयोग के पास जाकर मतदाताओं के नाम हटाने की मांग कर चुके हैं।
ओवैसी ने कहा, “हैदराबाद में आपकी एक अलग धुन है, बेंगलुरु में दूसरी और दिल्ली में कोई और ही धुन है।”
उन्होंने कांग्रेस के नेताओं के बयानों में अंतर का हवाला देते हुए पार्टी की SIR को लेकर अपनाई जा रही रणनीति पर सवाल खड़े किए।
रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की मेगा रैली
कांग्रेस के नेतृत्व में INDIA गठबंधन की इस रैली को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रैली की शुरुआत मल्लिकार्जुन खरगे के आवास से होगी। इसके बाद नेता और कार्यकर्ता तय मार्ग से होते हुए रामलीला मैदान पहुंचेंगे।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर रैली का रूट साझा करते हुए लोगों से इसमें शामिल होने की अपील की है। उन्होंने लिखा, “कल मिलते हैं, साथ चलते हैं!” इसके साथ ही उन्होंने कनॉट प्लेस मिंटो रोड जंक्शन, अजमेरी गेट और रामलीला मैदान का रूट साझा किया। रैली का समय दोपहर 12 बजे निर्धारित किया गया है।
दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 4000 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात
INDIA गठबंधन की रैली को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। रामलीला मैदान और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है।
जानकारी के मुताबिक, सुरक्षा व्यवस्था के लिए 4,000 से अधिक दिल्ली पुलिसकर्मियों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की कंपनियों को तैनात किया गया है। इसके अलावा पूरे कार्यक्रम पर नजर रखने के लिए 200 से ज्यादा CCTV कैमरे लगाए गए हैं।
रैली में 50 हजार से अधिक लोगों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए मिंटो ब्रिज से रामलीला मैदान तक मार्च रूट और कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
SIR के मुद्दे पर सियासी घमासान तेज
एक तरफ INDIA गठबंधन चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और SIR को लेकर विरोध दर्ज कराने की तैयारी में है, तो दूसरी तरफ ओवैसी ने कांग्रेस के रुख पर सवाल उठाकर राजनीतिक बहस को और तेज कर दिया है। ऐसे में रामलीला मैदान की यह रैली विपक्षी एकजुटता और चुनाव आयोग को लेकर चल रही राजनीतिक बयानबाजी के लिहाज से अहम मानी जा रही है।
