25 मई को आखिरी बार बढ़े थे पेट्रोल-डीजल के दाम
पेट्रोल और डीजल की कीमतों में आखिरी बदलाव 25 मई 2026 को हुआ था। उस समय पश्चिम एशिया में तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के चलते तेल कंपनियों ने पेट्रोल के दाम में 2.61 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 2.71 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी।
इससे पहले करीब चार साल के लंबे अंतराल के बाद 15 मई को पेट्रोल की कीमत में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी। इसके बाद 19 मई को पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा हुआ। वहीं, 23 मई को कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल के पार जाने के बाद दोनों ईंधनों के दाम औसतन 90 पैसे प्रति लीटर बढ़ाए गए थे।
पेट्रोल और डीजल पर निर्यात शुल्क में बदलाव
केंद्र सरकार ने पेट्रोल के निर्यात पर लगने वाले विशेष अतिरिक्त उत्पाद शुल्क (SAED) को समाप्त कर दिया है। वहीं, हाई-स्पीड डीजल पर निर्यात शुल्क बढ़ाकर 11.5 रुपये प्रति लीटर और एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) पर 11 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है।
हालांकि, इस फैसले का घरेलू उपभोक्ताओं पर सीधा असर नहीं पड़ेगा। ये शुल्क देश से बाहर निर्यात किए जाने वाले ईंधन पर लागू होते हैं। देश के भीतर पेट्रोल पंपों पर बिकने वाले पेट्रोल और डीजल पर लगने वाले एक्साइज ड्यूटी और वैट में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
