Lifestyle News: आईवीएफ (इन-विट्रो फर्टिलाइजेशन) के जरिए माता-पिता बनने का सफर निश्चित रूप से उत्साहजनक और चुनौतीपूर्ण होता है। इस प्रक्रिया के दौरान और उसके बाद स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना अत्यंत आवश्यक होता है। चंडीगढ़ स्थित जिंदल आईवीएफ की सीनियर कंसल्टेंट एंड मेडिकल डायरेक्टर डॉ. शीतल जिंदल ने आईवीएफ के बाद की देखभाल को लेकर कुछ महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं।
संतुलित आहार : आईवीएफ के बाद, शरीर को पर्याप्त पोषण की जरूरत होती है। एक हेल्दी और बैलेंस डाइट का पालन करें, जिसमें फलों, सब्जियों, प्रोटीन, और हरी पत्तेदार सब्जियों का समावेश हो। इससे शरीर को जरूरी विटामिन्स और मिनरल्स मिलेंगे जो भ्रूण के विकास के लिए महत्वपूर्ण हैं।
तनाव से बचें: तनाव और चिंता आपके स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकते हैं और आईवीएफ की सफलता पर असर डाल सकते हैं। रिलैक्सेशन तकनीक, योग, और मेडिटेशन जैसी विधियों को अपनाएं ताकि आप मानसिक रूप से शांत और संतुलित रह सकें।
व्यायाम और शारीरिक गतिविधि : बिस्तर पर पूरी तरह से आराम करने की बजाय हल्के व्यायाम और शारीरिक गतिविधियों को बनाए रखें। इसके लिए डॉक्टर की सलाह अनुसार हल्का वॉक या योग किया जा सकता है। यह आपको ऊर्जा प्रदान करेगा और मानसिक स्थिति को भी बेहतर बनाए रखेगा।
दवाइयों का नियमित सेवन: निर्धारित दवाइयों को समय पर और पूरी तरह से लें। किसी भी दवा की खुराक को मिस करना भ्रूण के विकास पर असर डाल सकता है।
स्वास्थ्य जांच : नियमित मेडिकल चेक-अप्स और जांचें कराते रहें। यह आपको आपके स्वास्थ्य की स्थिति और भ्रूण की स्थिति पर अपडेट प्रदान करेगा।
डॉ. शीतल जिंदल ने इस महत्वपूर्ण समय में अपनी विशेषज्ञता से माता-पिता बनने के इस सफर को आसान बनाने की दिशा में यह सलाह दी है। इन उपायों का पालन करके आप इस प्रक्रिया को बेहतर ढंग से संभाल सकते हैं और स्वस्थ गर्भावस्था की दिशा में कदम बढ़ा सकते हैं।
