1984 के दंगों को लेकर कांग्रेस पर निशाना
शाहनवाज हुसैन ने कहा कि 1984 के दंगों की दर्दनाक यादें आज भी पंजाब के लोगों के जेहन में हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौरान छोटे-छोटे बच्चों को गले में टायर डालकर जला दिया गया था। इस मामले से जुड़े मुकदमे आज भी चल रहे हैं और कांग्रेस के कई नेता अदालतों के चक्कर काट रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कई लोगों को सजा मिल चुकी है और अभी कई लोगों को सजा मिलनी बाकी है। शाहनवाज हुसैन के मुताबिक, जब भी राहुल गांधी या नेहरू-गांधी परिवार का कोई सदस्य पंजाब जाता है, तो वहां के लोगों को उन दर्दनाक घटनाओं की याद आ जाती है।
राहुल गांधी पर लोकतंत्र के खिलाफ बयान देने का आरोप
BJP प्रवक्ता ने राहुल गांधी के सरकार बदलने वाले बयान पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश में अराजकता फैलाना चाहते हैं, जबकि देश में लोकतांत्रिक तरीके से चुनी हुई सरकार और निर्वाचित प्रधानमंत्री हैं।
शाहनवाज हुसैन ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2029 में भी चुनाव जीतेंगे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी चुनाव का इंतजार नहीं करना चाहते, क्योंकि उन्हें पता है कि वह चुनाव नहीं जीत सकते।
उन्होंने राहुल गांधी के एक साल के भीतर सरकार हटाने वाले बयान पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्या अगले साल कोई चुनाव होने वाला है? उन्होंने इस तरह की भाषा को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इसे लोकतंत्र के खिलाफ बताया।
चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट को लेकर भी साधा निशाना
शाहनवाज हुसैन ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी पहले चुनाव आयोग पर हमला करते हैं, फिर सुप्रीम कोर्ट के खिलाफ मार्च निकालते हैं और इसके बाद मॉक पार्लियामेंट आयोजित कर संसद का अपमान करते हैं।
उन्होंने कहा कि अब प्रधानमंत्री के खिलाफ इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करके राहुल गांधी ने बड़ी गलती की है। देश उन्हें माफ नहीं करेगा।
अग्निवीरों की सेवा अवधि बढ़ने पर क्या बोले शाहनवाज?
अग्निवीरों की सेवा अवधि दो साल बढ़ाए जाने के फैसले पर भी शाहनवाज हुसैन ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के इस फैसले से युवाओं में खुशी की लहर है।
उनके मुताबिक, अग्निवीरों का कार्यकाल दो साल बढ़ाए जाने से युवाओं के बीच अच्छा संदेश गया है। उन्होंने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि इससे अग्निवीरों को फायदा मिलेगा।
