UP News: किसानों को बड़ा पैकेज देगी योगी सरकार, 3 करोड़ किसान परिवारों को मिलेगा फायदा; महिलाओं के लिए भी नई योजना

UP News:उत्तर प्रदेश के किसानों के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं की वजह से फसलों को नुकसान झेलने वाले किसानों के लिए सरकार जल्द ही अलग से राहत पैकेज लेकर आएगी। इससे प्रदेश के करीब 3 करोड़ किसान परिवारों को फायदा मिलेगा।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, जलवायु परिवर्तन, अल नीनो और बेमौसम बारिश के कारण किसानों की मुश्किलें बढ़ रही हैं। कहीं भारी बारिश तो कहीं सूखा और ओलावृष्टि फसलों को नुकसान पहुंचा रही है। पिछले 15 दिनों में दो बार बारिश, आंधी और तूफान से खेतों में खड़ी फसलें प्रभावित हुई हैं। सरकार प्रभावित किसानों को मुआवजा दे रही है और जल्द ही उनके लिए विशेष राहत पैकेज भी घोषित करेगी।

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए आएगा विशेष पैकेज

सीएम योगी ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण को लेकर भी बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की माताओं और बहनों को अपने पैरों पर खड़ा करने के लिए सरकार जल्द ही विशेष पैकेज लाएगी। महिलाओं से उन्होंने अभी से अपना काम शुरू करने की तैयारी करने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार महिलाओं को कारोबार शुरू करने और आर्थिक रूप से मजबूत बनने में मदद करेगी। उन्होंने लखपति दीदी और बीसी सखी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में महिलाएं अब अलग-अलग क्षेत्रों में आगे बढ़ रही हैं। सुरक्षा का बेहतर माहौल मिलने से महिलाएं उद्योगों में नाइट शिफ्ट तक काम कर रही हैं।

किसानों और मजदूरों को मिलेगा सस्ता भोजन

योगी सरकार अब प्रदेश की प्रमुख मंडियों और श्रमिक अड्डों पर अन्नपूर्णा भोजनालय शुरू करने जा रही है। यहां किसानों और मजदूरों को कम कीमत पर सम्मान के साथ भरपेट खाना मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि मंडियों में फसल बेचने आने वाले किसानों को अब सिर्फ गुड़-पानी के सहारे नहीं रहना पड़ेगा। वे टोकन मनी देकर दो रोटी और भरपेट भोजन कर सकेंगे।

इसी तरह निर्माण कार्यों में लगे मजदूरों के लिए बनाए जा रहे श्रमिक अड्डों पर भी सस्ते भोजन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

1.89 करोड़ परिवारों को मिला दीपावली का उपहार

दीपावली के अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को भी बड़ी राहत दी। उन्होंने करीब 1,500 करोड़ रुपये की रिफिल सब्सिडी वितरण अभियान की शुरुआत की। इसके तहत प्रदेश के 1.89 करोड़ से अधिक पात्र परिवारों को फायदा मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 983.45 रुपये है। इसमें केंद्र सरकार की ओर से 335.40 रुपये की सब्सिडी मिलती है, जबकि लाभार्थी को 648.55 रुपये देने पड़ते हैं। इस बार राज्य सरकार ने यह राशि सीधे गैस कंपनियों को उपलब्ध करा दी है। ऐसे में पात्र परिवारों को सिलेंडर लेने के लिए अपनी जेब से पैसे नहीं देने होंगे। इससे हर परिवार को करीब 650 रुपये की बचत होगी।

2017 से पहले दंगे-कर्फ्यू, अब बाजारों में रौनक

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में प्रदेश की कानून व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि 2017 से पहले त्योहारों के दौरान दंगे, कर्फ्यू और अराजकता का माहौल रहता था। व्यापारी और महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस करते थे। बाजारों में रौनक की जगह डर का माहौल रहता था।

उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में सुरक्षा का वातावरण बना है और लोग बिना डर के त्योहार मना रहे हैं। सरकार गरीबों को गैस, बिजली, आवास, पेयजल और इलाज की सुविधा देने के साथ युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी तैयार कर रही है।

आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश से बनेगा विकसित भारत

सीएम योगी ने कहा कि जब महिलाएं आत्मनिर्भर होंगी, तभी उत्तर प्रदेश मजबूत बनेगा। आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश ही विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने में बड़ी भूमिका निभाएगा। श्रमिकों के बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के लिए अटल आवासीय विद्यालय चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की कोशिश है कि हर नागरिक को सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के साथ आगे बढ़ने का मौका मिले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *