UP News: यूपी में पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द, दीपावली-छठ पर CM योगी का बड़ा फैसला

UP News: उत्तर प्रदेश में त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर योगी सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। दीपोत्सव, दीपावली, छठ और देव दीपावली जैसे बड़े पर्वों को देखते हुए प्रदेश के सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। अब शासन से लेकर थानों तक तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारी संभालनी होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साफ कहा है कि त्योहारों के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखना सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

त्योहारों की खुशियों में खलल डालने वालों पर होगी कार्रवाई

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए हैं कि त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्सव के माहौल को खराब करने या खुशियों को उपद्रव में बदलने की कोशिश करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। अराजक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई की जाएगी।

सीएम ने खासतौर पर सोशल मीडिया पर नजर रखने को कहा है। पुलिस और प्रशासन की टीमें 24 घंटे सोशल मीडिया की निगरानी करेंगी। अगर कोई व्यक्ति अफवाह फैलाता है, भ्रामक जानकारी साझा करता है या अपने बयान से माहौल बिगाड़ने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अयोध्या में श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर खास फोकस

मुख्यमंत्री ने अयोध्या धाम में 7 नवंबर को होने वाले भव्य दीपोत्सव की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी तरह की परेशानी न हो। इसके लिए सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की पुख्ता व्यवस्था की जाए।

प्रमुख मंदिरों और संवेदनशील धार्मिक स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। साथ ही स्थानीय स्तर पर ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए रूट डायवर्जन प्लान पहले से तैयार करने और इसकी जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने को कहा गया है।

बाजारों में 24 घंटे पुलिस गश्त, CCTV से होगी निगरानी

धनतेरस और दीपावली के दौरान बाजारों में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग निकलते हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री ने मुख्य बाजारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के आसपास सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। बाजारों में 24 घंटे पुलिस निगरानी के साथ पैदल गश्त भी बढ़ाई जाएगी।

सीसीटीवी कैमरों को चालू रखने और पीआरवी-112 को लगातार सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को खुद फील्ड में उतरकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेना होगा, ताकि किसी भी समस्या पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

पटाखों की दुकानों पर विशेष निगरानी, दमकल विभाग अलर्ट

पटाखों की बिक्री और आग से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए भी विशेष इंतजाम किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि पटाखों की दुकानें और अस्थायी गोदाम घनी आबादी से दूर खुले और सुरक्षित स्थानों पर ही बनाए जाएं।

अग्निशमन विभाग को 24 घंटे हाई अलर्ट पर रहने के लिए कहा गया है। दमकल की गाड़ियों और जरूरी जीवनरक्षक उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी, ताकि आग लगने की स्थिति में तुरंत मदद पहुंचाई जा सके।

त्योहारों पर नहीं कटेगी बिजली, पेयजल की भी होगी व्यवस्था

योगी आदित्यनाथ ने शहरी और ग्रामीण इलाकों में त्योहारों के दौरान रोस्टरमुक्त बिजली आपूर्ति करने के निर्देश दिए हैं। लोगों को लगातार शुद्ध पेयजल भी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा आउटसोर्स कर्मचारियों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय त्योहार से पहले उनके बैंक खातों में भेजने को कहा गया है।

 यूरिया-DAP की कालाबाजारी करने वालों पर FIR

मुख्यमंत्री ने किसानों की जरूरतों को देखते हुए यूरिया और डीएपी खाद की उपलब्धता पर भी विशेष ध्यान देने को कहा है। जिलाधिकारियों को खाद की सप्लाई और वितरण पर लगातार नजर रखनी होगी। अगर कोई दुकानदार खाद की जमाखोरी करता है या निर्धारित कीमत से ज्यादा पैसे वसूलता है तो उसके खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, धान खरीद केंद्रों पर भी किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि किसानों की उपज की तौल पूरी पारदर्शिता के साथ हो। कोई भी किसान अपनी फसल बेचे बिना निराश होकर केंद्र से वापस न लौटे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *