Weather Update: चक्रवात मुरासु का असर, 13 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट; 90 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

Weather Update:  देश के कई हिस्सों में 4 नवंबर से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, चक्रवाती तूफान मुरासु कमजोर पड़ने के बावजूद दक्षिण भारत और पूर्वी भारत के कई राज्यों में बारिश का असर बना रहेगा। मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, लक्षद्वीप और अंडमान-निकोबार में बारिश की संभावना जताई है।

इस दौरान कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ आंधी चल सकती है। हवा की रफ्तार 40 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। भारी बारिश और तेज हवाओं से पेड़ गिरने, बागवानी फसलों को नुकसान पहुंचने और कमजोर मकानों को क्षति होने की आशंका है। रेल और हेलीकॉप्टर सेवाएं भी प्रभावित हो सकती हैं।

दिल्ली-NCR में सुबह धुंध, दिन में साफ रहेगा आसमान

दिल्ली और आसपास के इलाकों में 4 नवंबर को मौसम सामान्य रहने की संभावना है। सुबह हल्की धुंध देखने को मिल सकती है, जबकि दिन में आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

5 और 6 नवंबर को भी आसमान साफ रहने का अनुमान है। इस दौरान अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।

उत्तर प्रदेश में बारिश का अलर्ट नहीं, सुबह-शाम बढ़ेगी ठंड

उत्तर प्रदेश में चक्रवात मुरासु का खास असर देखने को नहीं मिलेगा। मौसम विभाग ने 4 नवंबर को प्रदेश में कहीं भी बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया है। पिछले दिनों हुई बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई है, जिससे सुबह और शाम हल्की ठंड महसूस हो रही है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले सात दिनों तक प्रदेश के अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

बिहार में शुष्क रहेगा मौसम, कुछ जगह कोहरा

बिहार के ज्यादातर जिलों में 4 नवंबर को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। पश्चिमी और पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, पटना, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, कटिहार और किशनगंज समेत कई जिलों में बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि, कुछ जगहों पर हल्का कोहरा छा सकता है। अगले तीन से चार दिनों तक तापमान में बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है।

झारखंड और ओडिशा में बारिश से बढ़ेगी परेशानी

झारखंड में चक्रवात के प्रभाव से कुछ इलाकों में बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं ओडिशा में 3 और 4 नवंबर को व्यापक बारिश का अनुमान है। इसके बाद 5 से 7 नवंबर के बीच भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। मलकानगिरी, कोरापुट, रायगड़ा, गजपति और गंजाम में मौसम ज्यादा प्रभावित रहने की आशंका है।

आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और केरल में बारिश

दक्षिण भारत में चक्रवात मुरासु का असर ज्यादा दिखाई दे सकता है। 4 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में बहुत भारी बारिश की संभावना है। 5 से 9 नवंबर तक आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में भी कहीं-कहीं बारिश हो सकती है।

तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 5 से 8 नवंबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। केरल और माहे में 4 से 8 नवंबर के बीच व्यापक बारिश और कुछ जगहों पर भारी बारिश का अनुमान है। लक्षद्वीप में भी 4 से 6 नवंबर के बीच बारिश हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *