इससे पहले मंदिर के पट सुबह 3:45 बजे खुलते थे और रात 10:30 बजे बंद किए जाते थे। यानी अब मंदिर के खुलने और बंद होने के समय में बदलाव किया गया है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के मीडिया सलाहकार सुभाष चंद्र सिंह के मुताबिक, अर्चक प्रमुख आचार्य केशव ने नई समय-सारिणी तैयार की है।
सुबह 7 बजे से होंगे रामलला के दर्शन, मंगला आरती का समय भी बदला
नई व्यवस्था के तहत मंदिर के पट सुबह 4 बजे खुलने के बाद सबसे पहले पूजा और आरती की प्रक्रिया शुरू होगी। सुबह 4:30 बजे से 4:40 बजे तक रामलला की मंगला आरती होगी। इसके बाद सुबह 4:40 बजे से 6:30 बजे तक अभिषेक, श्रृंगार, धूप-दीप और नैवेद्य की तैयारी के लिए मंदिर के पट श्रद्धालुओं के लिए बंद रहेंगे।
सुबह 6:30 बजे श्रृंगार आरती होगी। इसके बाद सुबह 7 बजे से आम श्रद्धालु रामलला के दर्शन कर सकेंगे। पहले भक्तों को सुबह 6:30 बजे से ही दर्शन मिलने शुरू हो जाते थे। वहीं, सुबह 8 बजे से 8:10 बजे तक बालभोग के लिए दर्शन रोक दिए जाएंगे।
दोपहर में एक घंटे विश्राम करेंगे रामलला, बदला राजभोग का समय
राम मंदिर में दोपहर की पूजा और विश्राम के समय में भी बदलाव किया गया है। नई समय-सारिणी के अनुसार, सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक रामलला को राजभोग लगाया जाएगा। इसके बाद दोपहर 12 बजे राजभोग आरती होगी।
राजभोग आरती के बाद दोपहर 12:30 बजे से 1:30 बजे तक रामलला विश्राम करेंगे। पहले उनके विश्राम का समय करीब आधे घंटे का था, जिसे अब बढ़ाकर एक घंटा कर दिया गया है। इस दौरान श्रद्धालुओं के लिए दर्शन बंद रहेंगे। दोपहर 1:35 बजे से भक्त एक बार फिर रामलला के दर्शन कर सकेंगे।
शाम 7 बजे संध्या आरती, रात 9:30 बजे होगी शयन आरती
शाम के समय भी राम मंदिर में दर्शन और आरती का नया कार्यक्रम तय किया गया है। शाम 4 बजे से 4:10 बजे तक बालभोग के लिए दर्शन बंद रहेंगे। इसके बाद शाम 6:45 बजे तक श्रद्धालु रामलला के दर्शन कर सकेंगे।
शाम 7 बजे संध्या आरती होगी। वहीं, रात 8 बजे से 8:30 बजे तक और रात 9:15 बजे से 9:30 बजे तक धूप-दीप और नैवेद्य की वजह से दर्शन बंद रहेंगे। इसके बाद रात 9:30 बजे रामलला की शयन आरती होगी। आखिर में रात 10 बजे मंदिर के पट बंद कर दिए जाएंगे।
एक नजर में देखें दर्शन और आरती का पूरा शेड्यूल
रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या जाने वाले श्रद्धालु इस नई समय-सारिणी को ध्यान में रखकर अपनी यात्रा की योजना बना सकते हैं।
-
सुबह 4:00 बजे – मंदिर के पट खुलेंगे।
-
सुबह 4:30 से 4:40 बजे – मंगला आरती।
-
सुबह 6:30 बजे – श्रृंगार आरती।
-
सुबह 7:00 बजे – आम श्रद्धालुओं के दर्शन शुरू।
-
सुबह 8:00 से 8:10 बजे – बालभोग के लिए दर्शन बंद।
-
सुबह 11:30 से दोपहर 12:00 बजे – राजभोग।
-
दोपहर 12:00 बजे – राजभोग आरती।
-
दोपहर 12:30 से 1:30 बजे – रामलला का विश्राम।
-
दोपहर 1:35 बजे – दोबारा दर्शन शुरू।
-
शाम 4:00 से 4:10 बजे – बालभोग के लिए दर्शन बंद।
-
शाम 7:00 बजे – संध्या आरती।
-
रात 9:30 बजे – शयन आरती।
-
रात 10:00 बजे – मंदिर के पट बंद।
अयोध्या राम मंदिर जाने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
अगर आप भी रामलला के दर्शन करने अयोध्या जाने की तैयारी कर रहे हैं, तो नई समय-सारिणी जरूर देख लें। खासकर सुबह जल्दी पहुंचने वाले श्रद्धालु इस बात का ध्यान रखें कि मंदिर के पट सुबह 4 बजे खुलेंगे, लेकिन आम लोगों के लिए दर्शन सुबह 7 बजे से ही शुरू होंगे।
इसके अलावा दोपहर में एक घंटे के विश्राम और अलग-अलग आरती व भोग के दौरान दर्शन बंद रहेंगे। ऐसे में बेवजह इंतजार से बचने और आसानी से दर्शन करने के लिए मंदिर पहुंचने का समय पहले से तय करना बेहतर रहेगा।
