मुख्यमंत्री ने सभी लोगों के प्रार्थना पत्र लिए और संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि जनता की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए और किसी भी व्यक्ति को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।
पति के ऑपरेशन के लिए महिला ने मांगी मदद, CM योगी ने दिया भरोसा
जनता दर्शन के दौरान एक महिला अपने पति के इलाज में मदद मांगने पहुंची। महिला ने मुख्यमंत्री को बताया कि उसके पति मस्तिष्क आघात (ब्रेन स्ट्रोक) से पीड़ित हैं और उनका ऑपरेशन होना है। परिवार को इलाज के खर्च की चिंता है। महिला की बात सुनने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उससे पति के अब तक हुए उपचार और स्वास्थ्य की जानकारी ली।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने महिला को भरोसा दिलाते हुए कहा, ‘घबराइए मत, आपके पति के उपचार में कोई दिक्कत नहीं आने देंगे।’ उन्होंने अधिकारियों को इलाज में हर संभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि जरूरत पड़ने पर मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से भी आर्थिक सहायता दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि पैसे की कमी की वजह से मरीज का इलाज नहीं रुकने दिया जाएगा।
बीमार महिला को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराने के निर्देश
जनता दर्शन में एक अन्य महिला भी अपनी बीमारी के इलाज की गुहार लेकर पहुंची थी। उसकी परेशानी सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को बेहतर उपचार की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिला को समुचित इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया जाए, ताकि उसका इलाज समय पर शुरू हो सके।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि इलाज की व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। बीमार और जरूरतमंद लोगों को सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ समय पर मिलना चाहिए।
जमीन कब्जे और अपराध की शिकायतों पर CM योगी सख्त
गोरखनाथ मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर कुर्सियों पर बैठे लोगों के बीच पहुंचकर मुख्यमंत्री ने उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान कुछ लोगों ने अपराध और जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत भी की। इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए सीएम योगी ने पुलिस अधिकारियों को अपराधियों और भू-माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी कहा कि आम लोगों की जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा न जाए।
CM योगी ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध समाधान के निर्देश
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि लोगों की समस्याओं का समाधान समयबद्ध, निष्पक्ष और संतोषजनक तरीके से किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता अपनी उम्मीद लेकर सरकार के पास आती है, इसलिए अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे हर शिकायत पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करें।
मुख्यमंत्री ने लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह गंभीर है। किसी भी शिकायत को अनदेखा नहीं किया जाएगा और जरूरत के मुताबिक प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।
बच्चों को दुलारकर दिया आशीर्वाद, चॉकलेट भी बांटी
जनता दर्शन में कुछ महिलाएं अपने छोटे बच्चों को लेकर भी पहुंची थीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चों को देखकर उन्हें अपने पास बुलाया, खूब दुलार किया और चॉकलेट देकर आशीर्वाद दिया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं से भी बातचीत की और उनकी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।
गोरखनाथ मंदिर में आयोजित इस जनता दर्शन के जरिए मुख्यमंत्री ने एक बार फिर अधिकारियों को संदेश दिया कि आम जनता की शिकायतों का समाधान सरकार की प्राथमिकता है। खासकर बीमार और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को इलाज के लिए परेशान नहीं होना चाहिए।
