पप्पू यादव ने कहा, “सत्ता का तो चरित्र बहुत गंदा होता है। सत्ता का एक ही चरित्र है, यूज करो और फेंक दो। ये यूज एंड थ्रो की राजनीति है।”
अनंत सिंह के बयान पर क्या बोले पप्पू यादव?
पप्पू यादव ने कहा कि अनंत सिंह ने जो भी कहा, सही या गलत, उन्हें पार्टी के मंच से ऐसी बातें नहीं कहनी चाहिए थीं। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की छवि का जिक्र करते हुए कहा कि उनके खिलाफ इस तरह की टिप्पणी करना उचित नहीं है।
सांसद ने यह भी कहा कि अनंत सिंह की सरकार बचाने में बड़ी भूमिका रही है। उनके मुताबिक, नीतीश कुमार के लिए अनंत सिंह के इंतजार करने की बात भी इस पूरे राजनीतिक घटनाक्रम का हिस्सा है।
‘इंडिया गठबंधन की सरकार बन रही थी’
पप्पू यादव ने दावा किया कि एक समय बिहार में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने की स्थिति बन रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि अनंत सिंह की ओर से सरकार को एक जानकारी दी गई थी, जिसके बाद उन्हें कथित तौर पर ट्रैप किया गया। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
उन्होंने प्रह्लाद यादव और आनंद मोहन का भी जिक्र किया और सवाल उठाया कि अलग-अलग नेताओं के मामलों में पार्टी का रुख क्या रहा है।
पप्पू यादव ने नीलम देवी को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर अनुशासनहीनता के आधार पर कार्रवाई की गई, तो यह स्पष्ट होना चाहिए कि पार्टी ने अलग-अलग नेताओं के मामलों में क्या मापदंड अपनाए।
अनंत सिंह और नीलम देवी को JDU से निकाला गया
गौरतलब है कि जेडीयू ने मोकामा विधायक अनंत सिंह को दल विरोधी गतिविधियों और अनुशासनहीनता के आरोप में छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। उनकी पत्नी नीलम देवी पर भी पार्टी ने कार्रवाई की है।
