Delhi-NCR Pollution: प्रदूषण के बीच नमो भारत की 20 अतिरिक्त ट्रेनें चलेंगी, सराय काले खां से मोदीपुरम तक मिलेगी सुविधा

दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच यात्रियों को राहत देने के लिए नमो भारत ट्रेन सेवाओं में विस्तार किया जा रहा है। एनसीआरटीसी बुधवार, 4 नवंबर से दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर 20 अतिरिक्त ट्रेन ट्रिप्स शुरू करने जा रही है। ये ट्रेनें दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ के मोदीपुरम तक पूरे कॉरिडोर पर संचालित होंगी।

इस पहल का उद्देश्य प्रदूषण के बीच लोगों को सार्वजनिक परिवहन अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना और निजी वाहनों पर उनकी निर्भरता कम करना है। एनसीआरटीसी को उम्मीद है कि अतिरिक्त सेवाओं से अधिक यात्री अपनी निजी गाड़ियों के बजाय नमो भारत से सफर करेंगे।

दिल्ली का AQI 397, GRAP का दूसरा चरण लागू

दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता लगातार चिंता का विषय बनी हुई है। दिल्ली में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 397 दर्ज किया गया है, जबकि नमो भारत कॉरिडोर के आसपास के प्रमुख शहरों गाजियाबाद और मेरठ में भी हवा की गुणवत्ता बहुत खराब बनी हुई है।

प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए दिल्ली में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) का दूसरा चरण लागू किया गया है। इसके अलावा, 1 नवंबर से प्रदूषण नियंत्रण के तहत वाहनों की कुछ श्रेणियों के दिल्ली में प्रवेश पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। ऐसे में सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने की जरूरत और बढ़ गई है।

मेट्रो, रेलवे और बस सेवाओं से जुड़ा नमो भारत नेटवर्क

नमो भारत कॉरिडोर की खासियत इसकी मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी भी है। इसके कई स्टेशन दिल्ली मेट्रो, भारतीय रेलवे, अंतरराज्यीय बस टर्मिनलों और सिटी बस सेवाओं से जुड़े हुए हैं। इससे यात्रियों को अपनी जरूरत के मुताबिक परिवहन के अलग-अलग साधनों के बीच आसानी से सफर बदलने की सुविधा मिलती है।

सराय काले खां, आनंद विहार, न्यू अशोक नगर और गाजियाबाद जैसे प्रमुख केंद्रों पर यात्रियों को यह कनेक्टिविटी मिलती है। इससे दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग इलाकों के बीच आवागमन सुविधाजनक बनता है।

ऐप पर देख सकेंगे पार्किंग की उपलब्धता

यात्रियों की सुविधा के लिए नमो भारत स्टेशनों पर पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है। इसके साथ ही नमो भारत कनेक्ट ऐप में लाइव पार्किंग ट्रैकिंग का विकल्प उपलब्ध है। इसकी मदद से यात्री टिकट बुक करने से पहले संबंधित स्टेशन पर पार्किंग की उपलब्धता देख सकते हैं और उसी के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बना सकते हैं।

एनसीआरटीसी के मुताबिक, यात्रियों की जरूरत और मांग के आधार पर ट्रेन परिचालन को लगातार बेहतर बनाया जा रहा है। 20 अतिरिक्त ट्रेन ट्रिप्स की शुरुआत भी इसी दिशा में उठाया गया कदम है। प्रदूषण के मौजूदा हालात में इस पहल से सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा मिलने और यात्रियों को आवागमन का एक और सुविधाजनक विकल्प मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *