दरअसल, मार्क चैपमैन और रचिन रवींद्र लंबे समय से चोट से जूझ रहे हैं। इसी वजह से दोनों खिलाड़ी टी20 सीरीज का हिस्सा भी नहीं बन पाए थे। उम्मीद थी कि वनडे सीरीज से पहले दोनों फिट हो जाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। सोमवार को न्यूजीलैंड क्रिकेट ने दोनों के बाहर होने की पुष्टि की।
हैमस्ट्रिंग और कंधे की चोट से परेशान हैं दोनों खिलाड़ी
न्यूजीलैंड क्रिकेट की ओर से जारी बयान के मुताबिक, मार्क चैपमैन बायीं हैमस्ट्रिंग की चोट से उबर रहे हैं। हाल ही में कराए गए एमआरआई स्कैन में पता चला कि उन्हें पूरी तरह फिट होने में अभी दो सप्ताह का समय लगेगा।
वहीं, रचिन रवींद्र दाहिने कंधे की चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं। वह अभी अपनी पूरी क्षमता के साथ फील्डिंग करने की स्थिति में नहीं हैं। इसी वजह से उन्हें पांच मैचों की वनडे सीरीज से बाहर रखने का फैसला किया गया है।
टिम सीफर्ट और हेनरी निकल्स को मिला मौका
दोनों खिलाड़ियों के बाहर होने के बाद न्यूजीलैंड ने टीम में बदलाव किए हैं। टिम सीफर्ट पूरी वनडे सीरीज के लिए टीम में बने रहेंगे। वहीं, हेनरी निकल्स को शुरुआती तीन वनडे मैचों के लिए टीम में शामिल किया गया है।
इसके अलावा डीन फॉक्सक्रॉफ्ट चौथे और पांचवें वनडे मैच के लिए न्यूजीलैंड की टीम से जुड़ेंगे। न्यूजीलैंड के मुख्य कोच रॉब वाल्टर ने दोनों खिलाड़ियों के बाहर होने पर निराशा जाहिर की है।
पहले तीन वनडे के लिए न्यूजीलैंड की अपडेटेड टीम
मिचेल सैंटनर (कप्तान), माइकल ब्रेसवेल, डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, मैट फिशर, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, टॉम लैथम (विकेटकीपर), डेरिल मिचेल, हेनरी निकल्स, ग्लेन फिलिप्स, टिम सीफर्ट, नाथन स्मिथ, विल यंग और ब्लेयर टिकनर।
चौथे और पांचवें वनडे के लिए न्यूजीलैंड की अपडेटेड टीम
मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, क्रिस्टियन क्लार्क, जैकब डफी, मैट फिशर, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, लॉकी फर्ग्यूसन, मिच हे (विकेटकीपर), निक केली, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), ब्लेयर टिकनर और विल यंग।
भारत के खिलाफ वनडे सीरीज में न्यूजीलैंड की टीम को अब अपने दो अहम खिलाड़ियों के बिना मैदान पर उतरना होगा। ऐसे में बाकी खिलाड़ियों पर बेहतर प्रदर्शन करने की जिम्मेदारी होगी।
