अयोध्या राम मंदिर में दो लाख दीयों से जगमगाएगा परिसर
अयोध्या में इस बार दीपोत्सव को खास बनाने के लिए तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर में दो लाख दीये जलाने की योजना बनाई गई है। छोटी दीपावली और बड़ी दीपावली पर अलग-अलग एक-एक लाख दीयों से राम मंदिर रोशनी से जगमगाएगा। खास बात यह है कि इन दीयों को देशी गाय के गोबर, मोम और सरसों के तेल से तैयार किया जा रहा है।
दीये बनाने का काम नगर निगम की बैसिंह स्थित कान्हा गौशाला के साथ महिला स्वयं सहायता समूहों को भी दिया गया है। गौशाला में दर्जनों कारीगर मशीनों की मदद से तेजी से दीये तैयार कर रहे हैं। इस पहल से दीपोत्सव की तैयारियों के साथ स्थानीय लोगों और महिलाओं को भी काम मिल रहा है।
राम मंदिर दीपोत्सव की तैयारियों को पांच जोन में बांटा गया
दीपोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए शनिवार को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के यात्री सुविधा केंद्र (PFC) के सभागार में बैठक हुई। इसमें आयोजन की अलग-अलग व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाल रहे प्रमुख कार्यकर्ता शामिल हुए। ट्रस्ट के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र (सेवानिवृत्त), सचिव जगदीश आफले और जगन्नाथ गुलवे ने तैयारियों की जानकारी दी।
व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए मंदिर परिसर और आसपास के प्रमुख स्थानों को पांच जोन में बांटा गया है। हर जोन में अलग-अलग टीमों को दीप जलाने और आयोजन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पहले जोन में मंदिर परिसर और परकोटे पर जलेंगे 30 हजार दीप
पहले जोन की जिम्मेदारी मंदिर के अर्चक प्रमुख आचार्य केशव शर्मा को दी गई है। इस क्षेत्र में श्रीरामलला मंदिर का प्रांगण, परकोटा, ग्रीन हाउस और यज्ञशाला शामिल हैं। यहां 30 हजार से अधिक दीये जलाकर पूरे क्षेत्र को रोशन किया जाएगा।
दूसरे जोन में कुबेर टीला और सप्तमंडप होंगे जगमग
दूसरे जोन में कुबेर टीला, सप्तमंडप, शेषावतार मंदिर, हुतात्मा स्मारक और पंचवटी समेत कई स्थान शामिल हैं। यहां 30 हजार से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इसकी जिम्मेदारी चन्द्रन क्षितिज और उनकी टीम को सौंपी गई है।
तीसरे और चौथे जोन में 27 हजार से ज्यादा दीप जलेंगे
तीसरे जोन में वापसी दर्शन मार्ग, यात्री सुविधा केंद्र, PFC प्लाजा और नल टीला को शामिल किया गया है। पीपी मिश्रा के नेतृत्व में यहां 14 हजार से अधिक दीप जलाए जाएंगे।
वहीं, चौथे जोन की जिम्मेदारी कैप्टन जेपी द्विवेदी (सेवानिवृत्त) और उनकी टीम को दी गई है। यात्री सेवा केंद्र, अंगद टीला, सीता रसोई और रामानंदाचार्य द्वार समेत अन्य जगहों पर 13 हजार से अधिक दीये जलाए जाएंगे।
पांचवें जोन में राम जन्मभूमि पथ और सिंह द्वार पर रोशनी
पांचवें जोन में श्रीराम जन्मभूमि पथ, सिंह द्वार और चरण पादुका क्षेत्र को शामिल किया गया है। नरेंद्र कुमार के नेतृत्व में यहां 13 हजार दीये जलाए जाएंगे। इस तरह मंदिर परिसर के अलग-अलग हिस्सों में विशेष व्यवस्था के साथ दीपोत्सव मनाया जाएगा।
अयोध्या दीपोत्सव में 2100 ड्रोन दिखाएंगे राम-रावण युद्ध
इस बार अयोध्या का दीपोत्सव सिर्फ दीयों की रोशनी तक सीमित नहीं रहेगा। राम की पैड़ी पर 2100 ड्रोन के जरिए भव्य शो आयोजित करने की तैयारी है। करीब 10 मिनट के इस शो में आसमान में भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमान की धनुर्धारी मुद्राएं दिखाई जाएंगी। इसके साथ ही ड्रोन के जरिए राम-रावण युद्ध का दृश्य भी तैयार किया जाएगा।
इस शो को और आकर्षक बनाने के लिए लेजर लाइट, वॉयस ओवर और संगीतमय नैरेशन का इस्तेमाल होगा। इसके अलावा सरयू के पुराने पुल पर 600 फीट की ऊंचाई तक ग्रीन एरियल फायर क्रैकर्स शो आयोजित करने की योजना है।
33 लाख दीयों से सजेगी रामनगरी, अमित शाह के आने की चर्चा
इस बार अयोध्या के दीपोत्सव में कुल 33 लाख दीये जलाने की तैयारी है। तकनीक, संस्कृति और आध्यात्मिकता के संगम के रूप में इस आयोजन को भव्य बनाने की कोशिश की जा रही है।
वहीं, दीपोत्सव के 10वें संस्करण में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के शामिल होने की संभावना भी जताई जा रही है। हालांकि, अभी तक उनका आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं हुआ है। संभावित दौरे को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।
दूसरी ओर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अयोध्या पहुंचकर दीपोत्सव की तैयारियों का जायजा लेंगे। वह प्रमुख आयोजन स्थलों का निरीक्षण करने के साथ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी करेंगे। अब सबकी नजर इस बार अयोध्या में होने वाले भव्य दीपोत्सव पर टिकी है।
