मृतकों की पहचान वाहिद, मनोज, कमलेश और नितिन के रूप में हुई है। घटना के बाद होटल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
एक को बचाने के लिए चैंबर में उतरे तीन अन्य लोग
जानकारी के अनुसार, श्रीगंगा होटल के पिछले हिस्से में खाने के बचे हुए कचरे को इकट्ठा करने और उसके निस्तारण के लिए फूड वेस्ट प्लांट का चैंबर बनाया गया था। देर रात एक आउटसोर्स कर्मचारी किसी काम से चैंबर के अंदर उतरा, लेकिन काफी देर तक बाहर नहीं निकल सका।
उसे चैंबर में फंसा देखकर तीन अन्य लोग उसे बचाने के लिए नीचे उतर गए। आशंका जताई जा रही है कि चैंबर के अंदर गैस का रिसाव होने के कारण चारों लोग बेहोश हो गए।
अस्पताल पहुंचाने पर चारों की मौत
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। बचाव दल ने चारों लोगों को चैंबर से बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, चारों की जान नहीं बचाई जा सकी।
