पति काम में व्यस्त थे तो बीवी पहुंच गई ऑफिस, फिर क्या हुआ जान लें

पूरे देश में पति-पत्नी के लिए खास माना जाने वाला त्योहार करवा चौथ बड़ी ही धूमधाम से मनाया गया। इस दिन पत्नियां दिनभर पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखती हैं और रात में चांद देखने के बाद पति के हाथों से पानी पीकर अपना उपवास खोलती हैं। वहीं, मध्य प्रदेश में इस व्रत को लेकर एक अनूठा नजारा देखने को मिला, जहां विधानसभा का चुनाव लड़ रहे पति अपनी चुनावी व्यस्तताओं के कारण पत्नी का व्रत खुलवाने घर नहीं पहुंच सके, तो पत्नी खुद ही पार्टी कार्यालय पहुंच गईं और पति के हाथों पानी पीकर व्रत खोला।

पार्टी कार्यालय पहुंच गईं पत्नी

मध्य प्रदेश में इन दिनों विधानसभा चुनाव के चलते सभी प्रत्याशी और कार्यकर्ता चुनाव प्रचार-प्रसार में जुटे हुए हैं। वहीं, खंडवा विधानसभा से कांग्रेस उम्मीदवार कुंदन मालवीय भी अपनी चुनावी रणनीति बनाने को लेकर पार्टी कार्यालय में व्यस्त थे, तो पति की चुनावी व्यस्तता को समझते हुए पत्नी प्रियंका मालवीय पार्टी कार्यालय पहुंच गईं और वहीं पर उन्होंने करवा चौथ मनाया। इसके बाद पति ने पत्नी को पानी पिलाकर व्रत खुलवाया।

पति की लंबी उम्र के लिए पूजा

बता दें कि करवा चौथ का व्रत 1 नवंबर को देशभर में बड़ी ही धूम के साथ मनाया गया है। इस दिन चंद्र देव की उपासना से महिलाओं के वैवाहिक जीवन में सुख-शांति और पति की लंबी उम्र का वरदान प्राप्त होता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, करवा चौथ का व्रत अखंड सौभाग्य के लिए रखा जाता है। माना जाता है कि इस व्रत को विधि-विधान पूर्वक रखने से पति की आयु लंबी होती है। इस व्रत को निर्जला रखा जाता है।

2018 में हार गए थे चुनाव

गौरतलब है कि कांग्रेस ने खंडवा विधानसभा से एक बार फिर कुंदन मालवीय को मौका दिया गया है। 2018 के विधानसभा चुनाव में कुंदन मालवीय और बीजेपी विधायक देवेंद्र वर्मा के बीच में मुकाबला हुआ था, जिसमें भाजपा ने जीत दर्ज की थी, लेकिन पार्टी ने एक बार फिर उनके ऊपर भरोसा जताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *