चार थानों में 250 से अधिक लोगों का रिकॉर्ड अपडेट
ऑपरेशन चक्रवात के तहत पुलिस ने संबंधित लोगों से अपडेटेड डोजियर भरवाए। इसके अलावा यक्ष ऐप पर उपलब्ध रिकॉर्ड का सत्यापन भी किया गया। पुलिस का उद्देश्य संबंधित लोगों के वर्तमान निवास, कामकाज और संभावित आपराधिक संपर्कों की जानकारी जुटाना है, ताकि जरूरत पड़ने पर उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
एसपी सिटी अमृत जैन ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सिटी जोन के थानों में अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत पहले आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे लोगों को चिह्नित कर थानों पर बुलाया जा रहा है।
वर्तमान ठिकाने और कामकाज की जानकारी जुटा रही पुलिस
पुलिस संबंधित लोगों से उनके मौजूदा पते, रोजगार और आपराधिक गिरोहों से संभावित संबंधों के बारे में जानकारी ले रही है। इस प्रक्रिया के माध्यम से पुराने रिकॉर्ड को अपडेट किया जा रहा है, जिससे संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने में मदद मिल सके।
थानों पर बुलाए गए लोगों को भविष्य में अपराध नहीं करने की शपथ दिलाने के साथ चेतावनी भी दी गई। पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य दोबारा अपराध की आशंका कम करना और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत करना है।
कोहरे में चोरी और लूट रोकने के लिए बढ़ेगी रात्रि गश्त
सर्दियों में कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से चोरी, नकबजनी और लूट जैसी वारदातों की आशंका को देखते हुए पुलिस ने रात्रि गश्त की रणनीति पर काम शुरू किया है। अभियान के तहत पिछले चार से पांच वर्षों में हुई चोरी और छिनैती की घटनाओं का भी विश्लेषण किया जा रहा है।
पुलिस घटनाओं के स्थान और समय के आधार पर संभावित हॉटस्पॉट चिह्नित करेगी। इसके बाद जरूरत के अनुसार रात्रि गश्त और पेट्रोलिंग की व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा, ताकि संवेदनशील इलाकों में निगरानी मजबूत हो सके।
सिटी जोन के सभी थानों में जारी रहेगा अभियान
एसपी सिटी अमृत जैन के मुताबिक, पहले चरण में चार थानों में 250 से अधिक लोगों का रिकॉर्ड अपडेट किया गया है। ऑपरेशन चक्रवात को सिटी जोन के सभी थानों में लगातार चलाया जाएगा।
पुलिस का लक्ष्य सर्दियों में होने वाली आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाना, संवेदनशील स्थानों पर गश्त बढ़ाना और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करना है।
