नीलामी में 119 भारतीय और 27 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। इनमें 36 कैप्ड खिलाड़ी हैं, जिन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने का अनुभव है, जबकि 110 अनकैप्ड खिलाड़ियों पर भी फ्रेंचाइजी की नजर रहेगी। कुल 27 खाली स्लॉट में 20 भारतीय और 7 विदेशी खिलाड़ियों को जगह मिल सकती है।
WPL 2027 Auction: किस टीम के पास कितना पैसा?
ऑक्शन में यूपी वॉरियर्स सबसे बड़े पर्स के साथ उतरेगी, जबकि मुंबई इंडियंस के पास सबसे कम रकम बची है। टीमों के पास उपलब्ध बजट इस प्रकार है:
- यूपी वॉरियर्स: 3.75 करोड़ रुपये
- गुजरात जायंट्स: 1.25 करोड़ रुपये
- रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: 1.15 करोड़ रुपये
- दिल्ली कैपिटल्स: 1.10 करोड़ रुपये
- मुंबई इंडियंस: 90 लाख रुपये
यूपी वॉरियर्स के स्क्वाड में आठ स्लॉट खाली हैं, जिनमें तीन विदेशी खिलाड़ियों के लिए हैं। दूसरी ओर, मुंबई इंडियंस के पास छह स्लॉट खाली हैं और उन्हें सीमित बजट में अपनी टीम की जरूरतों के अनुसार खिलाड़ी चुनने होंगे।
सोफी मोलिन्यू और सोफिया डंकली का बेस प्राइस 50 लाख
ऑक्शन में ऑस्ट्रेलिया की सोफी मोलिन्यू और इंग्लैंड की सोफिया डंकली का बेस प्राइस सबसे ज्यादा 50 लाख रुपये रखा गया है। भारतीय खिलाड़ियों में जी कमलिनी और किरण नवगिरे 40 लाख रुपये के बेस प्राइस वाले वर्ग में शामिल हैं।
ऑस्ट्रेलिया की ऑलराउंडर जेस जोनासन और हीथर ग्राहम का बेस प्राइस भी 40 लाख रुपये है। नीलामी में खिलाड़ियों का न्यूनतम बेस प्राइस 10 लाख रुपये निर्धारित किया गया है।
14 जनवरी से शुरू होगा WPL 2027
जानकारी के मुताबिक, WPL 2027 का अगला सीजन 14 जनवरी से शुरू होकर 4 फरवरी तक चलेगा। 28 अक्टूबर को होने वाली नीलामी में फ्रेंचाइजी को सीमित स्लॉट और उपलब्ध बजट के भीतर अपनी टीमों को मजबूत करने का मौका मिलेगा। ऑक्शन में भारतीय और विदेशी खिलाड़ियों के बीच चयन को लेकर सभी पांच टीमों की रणनीति पर नजर रहेगी।
