बिहार बिहार में विधान परिषद (MLC) की 8 सीटों के लिए शुक्रवार, 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हो गया। वोटिंग शाम 4 बजे तक चलेगी। इन चुनावों में करीब 5.32 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस बीच पटना स्नातक सीट से जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार ने अपनी जीत का दावा करते हुए कहा कि उन्हें नीतीश मॉडल के नाम पर वोट मिलेगा।
8 सीटों पर 150 उम्मीदवार मैदान में
बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर कुल 150 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनमें पटना स्नातक, दरभंगा स्नातक, तिरहुत स्नातक, कोसी स्नातक, पटना शिक्षक, दरभंगा शिक्षक, तिरहुत शिक्षक और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। चुनाव के लिए प्रशासन की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
तबीयत खराब होने के बावजूद वोट डालने जाएंगे नीरज कुमार
मतदान से पहले जनता दल यूनाइटेड (JDU) के मुख्य प्रवक्ता और पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के उम्मीदवार नीरज कुमार ने एबीपी न्यूज़ से बातचीत की। उन्होंने बताया कि तबीयत ठीक नहीं होने के बावजूद वह लोकतंत्र के इस पर्व में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
नीरज कुमार ने अपनी जीत का भरोसा जताते हुए कहा, “हमारी जीत सुनिश्चित है। नीतीश मॉडल पर वोट मिलेगा।” उन्होंने कहा कि बिहार की जनता जागरूक है और सही जगह मतदान करेगी। उनके मुताबिक, बिहार में नीतीश फैक्टर का प्रभाव केवल चुनाव तक सीमित नहीं रहेगा।
अस्पताल से छुट्टी के बाद चुनाव प्रचार में सक्रिय
जानकारी के मुताबिक, 19 अक्टूबर को नीरज कुमार की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। सीने में दर्द और हृदय संबंधी शिकायत के बाद उन्हें पटना के जयप्रभा मेदांता अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था। 21 अक्टूबर को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
अनंत सिंह ने नीरज कुमार की उम्मीदवारी का किया विरोध
नीरज कुमार को अपनी ही पार्टी के विधायक अनंत सिंह के विरोध का सामना करना पड़ रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, मोकामा से जेडीयू विधायक अनंत सिंह ने नीरज कुमार की उम्मीदवारी का विरोध करते हुए जन सुराज पार्टी (JSP) के उम्मीदवार डॉ. अनुज सिंह का समर्थन किया है।
5.32 लाख से अधिक मतदाता करेंगे मतदान
इन आठ सीटों के चुनाव में कुल 5,32,847 मतदाता पंजीकृत बताए गए हैं। इनमें 3,86,199 पुरुष और 1,46,611 महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद 27 अक्टूबर को चुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे।
