राजस्थान राजस्थान के जोधपुर जिले में पंचायत आम चुनाव 2026 के तहत जिला परिषद सदस्य चुनाव के पहले चरण का मतदान गुरुवार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। शाम 6 बजे तक जिले में कुल 62.88 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। आगोलाई पंचायत समिति क्षेत्र में सर्वाधिक 74.96 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि शेरगढ़ में सबसे कम 59.54 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
2.74 लाख मतदाताओं में से 1.72 लाख ने किया मतदान
पहले चरण में कुल 2,74,416 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से 1,72,541 मतदाताओं ने वोट डाले। मतदान के दौरान कई क्षेत्रों में मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला, वहीं कुछ स्थानों पर नाराजगी भी सामने आई।
खिरजा मंगल सिंह नगर में ग्रामीणों ने किया मतदान का बहिष्कार
बालेसर क्षेत्र की खिरजा मंगल सिंह नगर ग्राम पंचायत में सरपंच पद को ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित किए जाने के विरोध में ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार किया। प्रशासन ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांग पर अड़े रहे।
आगोलाई में सबसे ज्यादा, शेरगढ़ में सबसे कम मतदान
पंचायत समिति क्षेत्रवार मतदान के आंकड़े इस प्रकार रहे:
- आगोलाई: 74.96 प्रतिशत (24,675 मत)
- शेरगढ़: 59.54 प्रतिशत (25,046 मत)
- बालेसर: 60.52 प्रतिशत (34,347 मत)
- चामू: 60.41 प्रतिशत (36,845 मत)
- सेखाला: 60.66 प्रतिशत (25,628 मत)
- चाबा: 65.92 प्रतिशत (26,000 मत)
भाजपा और कांग्रेस ने जीत का किया दावा
पहले चरण का मतदान संपन्न होने के बाद भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के प्रत्याशियों ने अपनी-अपनी जीत का दावा किया है। अब प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों की नजरें चुनाव परिणाम पर टिकी हैं। वहीं, दूसरे चरण के मतदान को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय प्रत्याशियों और नेताओं ने प्रचार तेज कर दिया है। लगातार सभाओं और जनसंपर्क के जरिए मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
