युवा जागृति मिशन कार्यशाला में विद्यार्थियों को दिया सफलता, संस्कार और अनुशासन का संदेश

श्रीपाल तोमर ने नशे व गलत संगति से दूर रहने और मोबाइल का सदुपयोग करने के लिए किया प्रेरित

मुजफ्फरनगर (यूपी):   होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज, जड़ौदा में युवा जागृति मिशन के अंतर्गत कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य वक्ता इंजीनियर श्रीपाल तोमर, रोहिणी (दिल्ली) ने विद्यार्थियों को सफलता, संस्कार, अनुशासन और सकारात्मक सोच का महत्व समझाया।कार्यक्रम का शुभारंभ श्रीपाल तोमर, प्रधानाचार्य प्रवेंद्र दहिया, राजकुमार मलिक, नितिन कुमार और योग शिक्षक सतकुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

श्रीपाल तोमर ने कहा कि जीवन में सफलता के लिए अच्छी आदतें अपनाना, कठिन परिश्रम करना और अनुशासन का पालन करना आवश्यक है। विद्यार्थी जीवन व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण चरण है। उन्होंने विद्यार्थियों को गलत संगति और नशे से दूर रहने तथा माता-पिता, गुरुजनों और बड़ों का सम्मान करने की सीख दी।

उन्होंने मोबाइल फोन और सोशल मीडिया के सीमित एवं जिम्मेदार उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को अपना समय पढ़ाई, शारीरिक गतिविधियों और व्यक्तित्व विकास में लगाना चाहिए। तकनीक का उपयोग ज्ञान बढ़ाने और नई चीजें सीखने के लिए किया जाना चाहिए।

मुख्य वक्ता ने समय प्रबंधन, नियमित दिनचर्या और निरंतर अभ्यास को सफलता का आधार बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से समय पर सोने-जागने, नियमित अध्ययन करने और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान किया।

प्रधानाचार्य प्रवेंद्र दहिया ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को संस्कारवान, अनुशासित और जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है। उन्होंने ऐसी कार्यशालाओं को विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण एवं सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।

कार्यशाला के माध्यम से विद्यार्थियों को अच्छी आदतें अपनाने, बुरी संगति से बचने, समय का सदुपयोग करने और जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *