दोनों की रिंग सेरेमनी का वीडियो इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर सामने आने के बाद यह मामला तेजी से चर्चा में आ गया। कोई इस रिश्ते को सच्चा प्यार बता रहा है, तो कोई उम्र के बड़े अंतर को लेकर सवाल उठा रहा है।
ब्यूटी पार्लर में पहनाई एक-दूसरे को अंगूठी
जानकारी के मुताबिक, रामसुगर और रानी की रिंग सेरेमनी करीब पांच से सात दिन पहले औरैया शहर के एक ब्यूटी पार्लर में हुई थी। इस दौरान दोनों ने एक-दूसरे को अंगूठी पहनाई। समारोह में परिवार के कुछ करीबी लोग भी मौजूद थे।
रिंग सेरेमनी का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड होने के बाद वायरल हो गया। वीडियो देखने के बाद लोगों के बीच इस रिश्ते को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। अब दोनों की शादी कब होगी, इसे लेकर भी लोग उत्सुक हैं।
दो साल से घर आना-जाना, फिर शुरू हुई रामसुगर और रानी की प्रेम कहानी
रामसुगर के मुताबिक, रानी राजपूत पिछले करीब दो साल से उनके घर आती-जाती थीं। रानी सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाती हैं और इसी सिलसिले में उनका रामसुगर के परिवार से मिलना-जुलना हुआ। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और नजदीकियां प्यार में बदल गईं।
रामसुगर ने बताया कि वह रानी से शादी करने के लिए तैयार हैं। उनके परिवार को भी इस रिश्ते से कोई आपत्ति नहीं है। दोनों ने आपसी सहमति से शादी करने का फैसला लिया है।
बेटी राधा ने बताया प्यार का किस्सा: साथ में बनाते थे सोशल मीडिया रील
इस प्रेम कहानी में रामसुगर की बेटी राधा की भी अहम भूमिका है। राधा खुद यूट्यूबर हैं और सोशल मीडिया पर वीडियो बनाती हैं। उन्होंने बताया कि उनकी मां का करीब सात साल पहले निधन हो गया था। इसके बाद रानी का उनके घर आना-जाना शुरू हुआ।
राधा के मुताबिक, रानी उनके घर वीडियो बनाने आती थीं। उनके पिता भी वीडियो में शामिल होने लगे और सभी साथ में रील बनाने लगे। इसी दौरान रामसुगर और रानी के बीच नजदीकियां बढ़ीं। शुरुआत में परिवार के लोग इस रिश्ते के बारे में जानकर हैरान हुए, लेकिन बाद में दोनों की खुशी को देखते हुए शादी के लिए राजी हो गए।
रानी राजपूत बोलीं- उम्र सिर्फ एक नंबर, जल्द बताएंगे शादी की तारीख
रानी राजपूत ने भी रामसुगर से शादी करने की बात कही है। उनके मुताबिक, दोनों के बीच करीब एक साल से प्रेम संबंध हैं और वे शादी के लिए तैयार हैं। रानी ने बताया कि वायरल हो रहा रिंग सेरेमनी का वीडियो करीब एक हफ्ता पुराना है। शादी की तारीख अभी तय नहीं बताई गई है, लेकिन जल्द इसकी जानकारी दी जाएगी।
रानी का कहना है कि उम्र सिर्फ एक नंबर है। अगर दो लोग एक-दूसरे को समझते हैं और साथ खुश हैं, तो उनके रिश्ते को स्वीकार किया जाना चाहिए।
सोशल मीडिया पर बंटे लोग, परिवार कर रहा शादी की तैयारी
रामसुगर और रानी की प्रेम कहानी को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग राय सामने आ रही है। कुछ लोग दोनों को बधाई दे रहे हैं और उनके रिश्ते को प्यार की मिसाल बता रहे हैं। वहीं कुछ लोग उम्र के अंतर को लेकर तंज कस रहे हैं।
परिवार का कहना है कि शादी पारंपरिक रीति-रिवाजों से कराई जाएगी। फिलहाल शादी की तैयारियां चल रही हैं। अब लोगों को इंतजार है कि 75 साल के रामसुगर और 30 साल की रानी राजपूत की शादी की तारीख कब सामने आती है।
