इस चुनाव की एक खास बात यह भी रही कि मतदान ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर से कराया गया था। राना समरेंद्र सिंह भाजपा विधायक अभिजीत सिंह सांगा के भाई हैं। मतगणना के दौरान उन्होंने शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखी और आखिर में जीत अपने नाम कर ली।
बिठूर नगर पंचायत चुनाव का पूरा नतीजा जानिए
बिठूर नगर पंचायत अध्यक्ष पद के उपचुनाव में राना समरेंद्र सिंह को कुल 4210 वोट मिले। वहीं, सपा समर्थित आदर्श द्विवेदी को 1727 मत हासिल हुए। कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप कुमार द्विवेदी महज 58 वोटों पर सिमट गए।
13 अक्टूबर को मतदान हुआ था और गुरुवार सुबह आठ बजे से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना शुरू हुई। भाजपा प्रत्याशी ने पहले राउंड से ही बढ़त बना ली थी। पांचवें राउंड तक उनकी बढ़त कायम रही और परिणाम घोषित होने के साथ ही उनकी जीत पर मुहर लग गई।
जीत की खबर मिलते ही भाजपा समर्थकों ने लगाए जय श्रीराम के नारे
मतगणना में राना समरेंद्र सिंह की बढ़त बढ़ने के साथ ही भाजपा समर्थकों की भीड़ जुटने लगी। समर्थकों ने जय श्रीराम के नारे लगाए और जीत का जश्न मनाया। पांचवें राउंड का नतीजा घोषित होने से पहले सपा समर्थित प्रत्याशी आदर्श द्विवेदी मतगणना स्थल से बाहर निकल गए। पुलिस की कड़ी सुरक्षा में उन्हें घर तक पहुंचाया गया।
इस दौरान आदर्श द्विवेदी के बाहर निकलने पर कुछ भाजपा समर्थकों ने हूटिंग भी की। बाद में चुनाव अधिकारी अरुणेश प्रताप सिंह ने राना समरेंद्र सिंह की जीत की आधिकारिक घोषणा की। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़े बजाकर खुशी जताई और नवनिर्वाचित अध्यक्ष को माला पहनाकर बधाई दी।
विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने बड़े भाई का किया स्वागत
जीत के बाद राना समरेंद्र सिंह कार्यकर्ताओं के साथ पैदल ही अपने घर पहुंचे। इस दौरान भाजपा विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने अपने बड़े भाई के पैर छूकर उनका स्वागत किया। समर्थकों ने भी उन्हें जीत की बधाई दी। पूरे इलाके में चुनाव परिणाम को लेकर चर्चा होती रही।
26 साल से एक ही परिवार के पास बिठूर नगर पंचायत की कुर्सी
बिठूर नगर पंचायत अध्यक्ष पद की सीट पर पिछले 26 साल से एक ही परिवार का कब्जा रहा है। वर्ष 2000 से डॉ. निर्मला सिंह लगातार पांच चुनाव जीतकर अध्यक्ष पद पर बनी रही थीं। उनके निधन के बाद यह सीट खाली हुई, जिसके चलते उपचुनाव कराना पड़ा।
अब उनके बड़े बेटे राना समरेंद्र सिंह ने जीत दर्ज कर परिवार की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाया है। इस नतीजे के साथ बिठूर नगर पंचायत में परिवार का प्रभाव एक बार फिर कायम रहा है।
कांग्रेस समेत पांच प्रत्याशियों की जमानत जब्त
इस उपचुनाव में कांग्रेस समेत पांच प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई। सपा समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी आदर्श द्विवेदी के अलावा बाकी उम्मीदवारों को काफी कम वोट मिले। कांग्रेस के प्रदीप कुमार द्विवेदी को 58, हर्ष कुमार द्विवेदी को 25, सरोज देवी को 16 और प्रदीप कुमार दिवाकर को 11 वोट मिले। राना समरेंद्र सिंह की पत्नी सीमा को आठ मत हासिल हुए।
मतगणना में कुल 6192 मतों में से 130 वोट अवैध पाए गए, जबकि सात मतदाताओं ने नोटा का विकल्प चुना। नतीजों से साफ रहा कि इस बार बिठूर में मुकाबला मुख्य रूप से भाजपा प्रत्याशी और सपा समर्थित उम्मीदवार के बीच रहा।
