‘ये हादसा नहीं, हत्या है’, गाजीपुर में मां-बेटे की नाले में डूबने से मौत पर बोले संजय सिंह

Delhi Politics:पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर में बुधवार शाम साप्ताहिक बाजार में जाते समय 22 वर्षीय महिला और उनका तीन साल का बेटा बारिश से जलभराव के कारण अर्ध निर्मित नाले में डूब गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर खोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से मां- बेटे की तलाश में जुट गई। पुलिस ने अग्निशमन के टीम को भी उपकरणों के साथ मौके पर बुलाकर तलाशी अभियान शुरू किया। इस बीच आम आदमी पार्टी (आप) से राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने दिल्ली में भारी बारिश के बाद सड़कों पर जलभराव को लेकर भाजपा की केंद्र सरकार और एलजी वीके सक्सेना को कटघरे में खड़ा किया है।

“एलजी और डीडीए दोनों ही शांत”

गुरुवार सुबह पार्टी मुख्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि मयूर विहार में दिल्ली यूपी बॉर्डर पर डीडीए एक नाले का निर्माण कर रहा है। लापरवाही की हद इतनी है कि सावधानी के लिए कहीं भी कोई संकेतक तक नहीं लगाया गया है। इसी के चलते जब यहां बारिश के दौरान जलभराव हुआ तो ढाई साल का एक बच्चा उसमें गिर गया। बच्चे को बचाने में मां भी डूब गईं, लेकिन एलजी और डीडीए दोनों ही शांत हैं। उन्होंने इस घटना को हादसा नहीं बल्कि हत्या करार दिया।

भाजपा सरकार पर संजय सिंह का हमला

इसी तरह संजय सिंह ने बारिश के चलते संसद भवन परिसर में पानी भर जाने पर भी अंगुली उठाई। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने उन कंपनियों को संसद तैयार करने का ठेका दिया, जिन्होंने इलेक्टोरल बॉन्ड के जरिए भाजपा को रिश्वत दी। इसीलिए अब संसद में पानी भर रहा है और भाजपा चुप है। प्रेस वार्ता को आप की मुख्य प्रवक्ता प्रियंका कक्कर और विधायक कुलदीप कुमार ने भी संबोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *