मानसून का कहर: दिल्ली-एनसीआर से लेकर महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश तक भारी बारिश का अलर्ट..

Weather Update: भारत में मानसून ने एक बार फिर अपनी पूरी ताकत का अहसास करवा दिया है। उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, और हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश के लगातार दौर से स्थिति गंभीर हो गई है। दिल्ली-एनसीआर में भी मानसून की गतिविधियाँ तेज हो गई हैं, और मौसम विभाग ने आज दिनभर बादलों की छांव और बारिश की संभावना को लेकर एक अलर्ट जारी किया है।

महाराष्ट्र में बाढ़ की स्थिति

महाराष्ट्र के कोल्हापुर में भारी बारिश ने बाढ़ की स्थिति उत्पन्न कर दी है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। स्थानीय प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में जुटा हुआ है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से अत्यधिक भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने 28 से 31 जुलाई तक पश्चिम मध्य प्रदेश और विदर्भ में भी भारी बारिश की संभावना जताई है, जिससे किसानों और आम नागरिकों के लिए चुनौतियाँ बढ़ सकती हैं।

पूर्वी MP समेत कई जगहों पर भारी बारिश का अलर्ट

छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश में आज भारी से बहुत भारी और उससे भी अधिक बारिश होने की संभावना है. जबकि पश्चिम मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, ओडिशा के कुछ हिस्से, कोंकण, गोवा, महाराष्ट्र के मध्य और विदर्भ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

हरियाणा-पंजाब में चलेंगी तेज हवाएं

यह भी संभावना जताई गई है कि उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब और पूर्व राजस्थान समेत कई जगहों पर तेज हवाएं चलने की संभावना है और इस दौरान गरज के साथ बारिश भी हो सकती है।

इन राज्यों में अलर्ट जारी

वहीं बारिश को लेकर मौसम विभाग ने कहा कि 28 जून तक मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान, समेत कुछ राज्यों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है। मध्य प्रदेश के तीन जिलों के लिए ‘रेड अलर्ट’ घोषित किया गया है, जबकि छत्तीसगढ़, राजस्थान, महाराष्ट्र, केरल, ओडिशा, मेघालय और असम के कई जिलों में ‘येलो’ या ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया गया है। ओडिशा के 13 जिलों में अगले 24 घंटे के ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है. साथ ही कुछ तटीय जिलों को येलो अलर्ट में रखा गया है।

सावधानी बरतें

इन भारी बारिश की स्थितियों को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी जाती है। बारिश से प्रभावित क्षेत्रों में सड़क यातायात, बिजली की आपूर्ति, और अन्य सेवाओं पर असर पड़ सकता है, इसलिए सभी को सावधान रहना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *