Lucknow Shiva Murder Case: लखनऊ के करोड़पति कारोबारी शिवा शर्मा की हत्या का मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। इस मामले में पुलिस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे कई नए खुलासे सामने आ रहे हैं। हत्या के आरोप में गिरफ्तार मॉडल श्रद्धा दुबे और उसकी बहन रश्मि से पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है। वहीं, श्रद्धा के ड्राइवर तनवीर अली को भी गिरफ्तार किया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूछताछ में पता चला है कि श्रद्धा कथित तौर पर शिवा को मानसिक रूप से प्रताड़ित करती थी। आरोप है कि वह उसे छोटी-छोटी बातों पर परेशान करती और दूसरों के सामने उसकी बेइज्जती करती थी। यहां तक कि अपने ड्राइवर और बहन के सामने भी शिवा को अपमानित करने से पीछे नहीं हटती थी।
बताया जा रहा है कि श्रद्धा शिवा के कपड़े उतरवाकर उसे शर्मिंदा करती थी। एक बार उसके शरीर पर लिपस्टिक भी लगाई गई थी। पुलिस पूछताछ में श्रद्धा ने कथित तौर पर शिवा के शरीर पर लिपस्टिक के निशान होने की वजह भी बताई है।
श्रद्धा दुबे ने ड्राइवर और बहन के सामने शिवा को नचाया
‘आजतक’ की रिपोर्ट के मुताबिक, श्रद्धा ने पूछताछ में बताया कि शिवा उसकी बात मानता था और उसके कहने पर कुछ भी करने को तैयार हो जाता था। आरोप है कि श्रद्धा ने इसी बात का फायदा उठाया और धीरे-धीरे उसे अपने नियंत्रण में कर लिया था।
बताया जा रहा है कि श्रद्धा अपनी बहन रश्मि और ड्राइवर तनवीर के सामने भी शिवा को जबरन नचवाती थी। इतना ही नहीं, वह उससे अपने पैर भी दबवाती थी। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि श्रद्धा ने शिवा के कई वीडियो बना रखे थे। इन वीडियो के जरिए वह कथित तौर पर उसे ब्लैकमेल करती थी।
आरोप है कि शिवा अपनी मर्जी से कहीं आ-जा भी नहीं सकता था। अगर वह किसी जरूरी काम से बाहर निकलता, तो श्रद्धा उसे फोन करके वापस बुला लेती थी।
शिवा मर्डर केस: हत्या वाले दिन भी श्रद्धा ने करवाया था डांस?
इस पूरे मामले में सबसे हैरान करने वाली बात हत्या वाले दिन की बताई जा रही है। पुलिस पूछताछ में सामने आए दावों के मुताबिक, जिस दिन शिवा की हत्या हुई, उस दिन भी श्रद्धा ने उसे नाचने के लिए मजबूर किया था।
शिवा का शव अंडरवियर में मिला था। रिपोर्ट के मुताबिक, आरोप है कि श्रद्धा ने उसे धमकाकर डांस करवाया था। बताया जा रहा है कि वह पहले भी कई बार इसी तरह शिवा को अपने इशारों पर नचाती थी।
पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि हत्या से पहले घर में क्या-क्या हुआ था और उस दौरान कौन-कौन मौजूद था। तीनों आरोपियों से अलग-अलग पूछताछ की गई, ताकि उनके बयानों का मिलान किया जा सके और यह पता लगाया जा सके कि कौन सच बोल रहा है।
हुक्का कैफे में लड़कों को निशाना बनाती थी श्रद्धा दुबे?
जांच के दौरान श्रद्धा दुबे से जुड़े एक हुक्का कैफे का नाम भी सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, श्रद्धा अक्सर इस कैफे में जाती थी और वहीं उसकी मुलाकात शिवा शर्मा से भी हुई थी।
पुलिस की जांच में कथित तौर पर यह बात सामने आई है कि श्रद्धा इसी कैफे में दूसरे लड़कों से संपर्क बनाती थी। आरोप है कि वह पहले उनसे नजदीकियां बढ़ाती और बाद में उन्हें अपने प्रभाव में लेने की कोशिश करती थी।
बताया जा रहा है कि श्रद्धा की गिरफ्तारी के बाद से ही कैफे संचालक फरार है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कैफे संचालक और इस पूरे मामले के बीच क्या संबंध है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि शिवा के अलावा श्रद्धा के संपर्क में और कौन-कौन लोग थे।
रायबरेली से लखनऊ पहुंची थी श्रद्धा, ऐसे हुई शिवा से मुलाकात
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, श्रद्धा दुबे मूल रूप से रायबरेली की रहने वाली है। बताया जाता है कि उसकी पहले प्रिंस दुबे नाम के व्यक्ति से शादी हुई थी। पति से विवाद के बाद वह लखनऊ आ गई और बालू अड्डा चौराहे के पास किराए के फ्लैट में रहने लगी।
इसके बाद उसका मॉडलिंग और बड़ी पार्टियों में आना-जाना शुरू हुआ। इसी दौरान उसकी मुलाकात शिवा शर्मा से हुई। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और बाद में वे लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे।
फिलहाल पुलिस इस हत्याकांड से जुड़े हर पहलू की जांच कर रही है। श्रद्धा, रश्मि और तनवीर के बयानों के आधार पर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। हालांकि, पूछताछ में सामने आए आरोपों और मीडिया रिपोर्ट्स में किए गए दावों की पुष्टि जांच और अदालत की प्रक्रिया के बाद ही होगी।
