CM धामी ने श्रीनगर को दी 9.13 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात, 9 साल बाद शुरू हुई सिटी बस सेवा

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को पौड़ी गढ़वाल के श्रीनगर स्थित श्रीयंत्र टापू में आयोजित कार्यक्रम में 9.13 करोड़ रुपये की 9 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने नगरवासियों की लंबे समय से प्रतीक्षित मांग पूरी करते हुए करीब नौ साल बाद सिटी बस सेवा का शुभारंभ भी किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने सभी पार्षदों की मौजूदगी में सिटी बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही ‘सशक्त बहना, सशक्त उत्तराखंड’ कार्यक्रम के तहत महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन राशि वितरित की। उन्होंने 51 पर्यावरण मित्र महिलाओं को हेल्थ एवं हाइजीन किट भी प्रदान की।

महिला स्वयं सहायता समूहों को मिला प्रोत्साहन

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने महिला स्वयं सहायता समूहों को 2 लाख 1 हजार 530 रुपये का चेक वितरित किया। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं की आजीविका को मजबूत बनाने और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीनगर के विकास को नई गति देने के लिए 9 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है। इन योजनाओं से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और जनसुविधाएं मजबूत होंगी।

चारधाम यात्रा और रेल परियोजना से श्रीनगर को मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को विकास, सुशासन और समृद्धि के रास्ते पर आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ काम कर रही है। पौड़ी जिले में भी करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं पर काम चल रहा है। चारधाम यात्रा में हो रही बढ़ोतरी का सीधा लाभ स्थानीय लोगों को मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार ने उत्तराखंड के विकास को नई दिशा दी है। चारों धामों को ऑल वेदर रोड से जोड़ा गया है, जिसमें श्रीनगर की भी अहम भूमिका है। वहीं, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस रेल मार्ग पर श्रीनगर में भी स्टेशन प्रस्तावित है, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी।

सरदार पटेल के योगदान को किया याद

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को याद करते हुए कहा कि उन्होंने 560 से अधिक रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत की नींव रखी थी। उनका सपना ऐसा मजबूत राष्ट्र बनाने का था, जहां राष्ट्रीय एकता, अखंडता और संप्रभुता सर्वोपरि हो तथा राष्ट्रहित हर नागरिक का परम कर्तव्य हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *